450 लीटर महुआ शराब जब्त, एक आरोपी गिरफ्तार

पुरानी मारुति वैन में सारंगढ़-बिलाईगढ़ से लाई जा रही थी शराब, 1.25 लाख की संपत्ति जब्त
महासमुंद। सरायपाली पुलिस ने दर्राभांठा स्थित 132 केवी बिजली ऑफिस के पास नाकाबंदी कर एक मारूति वैन से 450 लीटर महुआ शराब जब्त की है। मामले में एक आरोपी को गिरफ्तार कर आबकारी एक्ट के तहत जेल भेज दिया गया है।
पुलिस से मिली जानकारी के अनुसार 17 मई 2026 को मुखबिर से सूचना मिली थी कि एक व्यक्ति पुरानी मारुति वाहन क्रमांक सीजी 04 एचए 3326 में भारी मात्रा में महुआ शराब लेकर सारंगढ़ रोड से सरायपाली की ओर आ रहा है। सूचना मिलते ही पुलिस ने बिजली ऑफिस 132 केवी दर्राभांठा के पास नाकाबंदी कर संदिग्ध वाहन को रोककर तलाशी ली।
तलाशी के दौरान वाहन में रखे 15 प्लास्टिक ड्रमों से कुल 450 लीटर अवैध महुआ शराब बरामद हुई, जिसकी कीमत लगभग 90 हजार रुपये आंकी गई है। पुलिस के अनुसार शराब को सारंगढ़-बिलाईगढ़ क्षेत्र से लाकर सरायपाली में खपाने की योजना थी। आरोपी पुलिस को चकमा देने के लिए पुरानी मारुति वैन का इस्तेमाल कर रहा था।
पूछताछ में वाहन चालक ने अपना नाम फागुलाल थुरिया (26 वर्ष) निवासी शांति नगर कनकबीरा, पुलिस चौकी कनकबीरा, जिला सारंगढ़-बिलाईगढ़ बताया। आरोपी के खिलाफ आबकारी एक्ट की धारा 34(2) के तहत मामला दर्ज कर 17 मई को गिरफ्तार किया गया तथा न्यायिक रिमांड पर जेल भेज दिया गया।