10 टन लोहे के स्क्रैप के साथ अवैध कबाड़ यार्ड सील
बसना पुलिस की कार्रवाई, एनएच-53 किनारे संचालित हो रहा था अवैध स्क्रैप कारोबार
महासमुंद। जिले में संदिग्ध संपत्तियों के भंडारण और कबाड़ के अवैध कारोबार के खिलाफ पुलिस लगातार सख्त कार्रवाई कर रही है। इसी क्रम में बसना पुलिस ने राष्ट्रीय राजमार्ग-53 स्थित ग्राम सिरको में संचालित एक अवैध कबाड़ एवं स्क्रैप यार्ड पर छापामार कार्रवाई करते हुए भारी मात्रा में संदिग्ध लोहा स्क्रैप जब्त किया है। पुलिस ने मौके पर ही पूरे यार्ड को सील कर दिया है।
पुलिस से मिली जानकारी के अनुसार 16 मई 2026 को थाना बसना पुलिस को मुखबिर से सूचना मिली थी कि ग्राम सिरको स्थित एक स्क्रैप यार्ड का संचालन अवैध रूप से किया जा रहा है। सूचना की तस्दीक के बाद पुलिस टीम ने तत्काल मौके पर दबिश दी। कार्रवाई के दौरान यार्ड संचालक तनवीर दानी (40) की उपस्थिति में यार्ड की विधिवत तलाशी ली गई।
तलाशी के दौरान पुलिस को भारी मात्रा में लोहा स्क्रैप बरामद हुआ, जिसमें पुरानी मशीनें, पंप, साइकिल, मोटरसाइकिल के पार्ट्स, लोहे के एंगल, पाइप, पुराने टीन, कूलर, पंखे सहित अन्य कबाड़ सामग्री शामिल है। बरामद सामग्री का कुल अनुमानित वजन करीब 10 टन बताया गया है।
पुलिस ने यार्ड संचालक से बरामद सामग्री के संबंध में वैध दस्तावेज, खरीद-बिक्री के बिल एवं व्यापार अनुज्ञप्ति (लाइसेंस) प्रस्तुत करने कहा, लेकिन वह कोई भी वैध दस्तावेज प्रस्तुत नहीं कर सका। दस्तावेजों के अभाव में पुलिस ने उक्त स्क्रैप को संदिग्ध संपत्ति मानते हुए धारा 106 बीएनएस के तहत जब्त कर लिया तथा पूरे यार्ड को विधिवत सीलबंद कर दिया।
