एसएलआरएम सेंटर में बढ़ीं सुविधाएं, सफाई मित्रों को मिली राहत
नपाध्यक्ष निखिलकांत साहू के निर्देश पर लगाए गए पंखे और ई-रिक्शा चार्जिंग प्वाइंट
महासमुंद। नगर पालिका क्षेत्र के एसएलआरएम सेंटर में कार्यरत सफाई मित्रों की समस्याओं का समाधान करते हुए नगर पालिका प्रशासन ने कर्मचारियों के लिए आवश्यक सुविधाएं उपलब्ध कराई हैं। नगर पालिका अध्यक्ष निखिलकांत साहू के निर्देश पर सेंटर में पंखे एवं ई-रिक्शा चार्जिंग प्वाइंट लगाए गए हैं, जिससे सफाई मित्रों को काफी राहत मिली है।
दरअसल, हाल ही में स्वच्छता दीदियों और सफाई मित्रों ने नगर पालिका अध्यक्ष निखिलकांत साहू से मुलाकात कर एसएलआरएम सेंटर में कार्य के दौरान आने वाली समस्याओं से अवगत कराया था। कर्मचारियों ने बताया था कि भीषण गर्मी में बिना पंखों के काम करना बेहद कठिन हो रहा था। इसके अलावा सेंटर में ई-रिक्शा चार्जिंग की सुविधा नहीं होने से भी परेशानी का सामना करना पड़ रहा था।
समस्याओं को गंभीरता से लेते हुए नपाध्यक्ष श्री साहू ने एसबीएम प्रभारी को तत्काल आवश्यक व्यवस्था सुनिश्चित करने के निर्देश दिए। निर्देश के पालन में एसएलआरएम सेंटर में कर्मचारियों की सुविधा के लिए पंखे लगाए गए तथा ई-रिक्शा चार्जिंग प्वाइंट की व्यवस्था भी कराई गई।
नगर पालिका अध्यक्ष निखिलकांत साहू ने कहा कि सफाई मित्र नगर की स्वच्छता व्यवस्था की महत्वपूर्ण कड़ी हैं। उनके कार्यस्थल पर मूलभूत सुविधाएं उपलब्ध कराना नगर पालिका की प्राथमिकता है। उन्होंने कहा कि कर्मचारियों को बेहतर कार्य वातावरण उपलब्ध कराने के लिए आगे भी आवश्यक सुविधाएं उपलब्ध कराई जाती रहेंगी। सुविधाएं उपलब्ध होने के बाद सफाई मित्रों और स्वच्छता दीदियों ने नगर पालिका अध्यक्ष एवं प्रशासन के प्रति आभार व्यक्त किया है।
