पुलिस का अवैध महुआ शराब कारोबार पर शिकंजा
चार थाना क्षेत्रों में दबिश, 68 लीटर महुआ शराब जब्त, 7 आरोपी गिरफ्तार
महासमुंद। जिले में अवैध महुआ शराब के निर्माण, बिक्री और परिवहन के खिलाफ पुलिस द्वारा विशेष अभियान लगातार चलाया जा रहा है। इसी अभियान के तहत एन्टी नारकोटिक टास्क फोर्स और विभिन्न थाना पुलिस की संयुक्त कार्रवाई में सरायपाली, बसना, सांकरा और सिंघोड़ा थाना क्षेत्रों में दबिश देकर 68 लीटर महुआ शराब जब्त की गई। कार्रवाई के दौरान सात आरोपियों को गिरफ्तार कर न्यायिक अभिरक्षा में जेल भेजा गया।
पुलिस के अनुसार यासीन कॉलोनी सरायपाली, लोहडीपुर बसना, सांकरा और मुरमुरी चौक सिंघोड़ा क्षेत्र में कार्रवाई की गई। जब्त शराब और वाहनों सहित कुल जब्त संपत्ति की कीमत 48 हजार 600 रुपये आंकी गई है।
सरायपाली में 20 लीटर शराब के साथ दो गिरफ्तार
थाना सरायपाली पुलिस ने आबकारी एक्ट की धारा 34(2) के अंतर्गत कार्रवाई करते हुए बाजार पारा सरायपाली निवासी मितेश डोगरी (27) और रामलाल डोगरी (42) को गिरफ्तार किया। आरोपियों के कब्जे से 20 लीटर हाथ भट्टी महुआ शराब बरामद की गई, जिसकी कीमत करीब 4 हजार रुपये बताई गई है।
बसना में शराब और बाइक जब्त
बसना पुलिस ने ग्राम लोहडीपुर में कार्रवाई करते हुए उडेला निवासी गणेश खुंटे (22) और दशरथ खुंटे (25) को गिरफ्तार किया। आरोपियों के पास से 10 लीटर महुआ शराब तथा एक मोटरसाइकिल जब्त की गई। जब्त संपत्ति की कुल कीमत लगभग 22 हजार रुपये बताई गई है। दोनों आरोपियों के खिलाफ आबकारी एक्ट के तहत मामला दर्ज कर न्यायिक अभिरक्षा में भेजा गया।
सांकरा में 13 लीटर महुआ शराब बरामद
सांकरा पुलिस ने 15 मई को कार्रवाई करते हुए चुड़ामणि विश्वकर्मा (59) निवासी सांकरा को गिरफ्तार किया। आरोपी के पास से बिक्री के लिए रखी 13 लीटर महुआ शराब बरामद हुई, जिसकी कीमत लगभग 2 हजार 600 रुपये आंकी गई है।
सिंघोड़ा में दो आरोपी पकड़ाए
सिंघोड़ा पुलिस ने मुरमुरी चौक क्षेत्र में दबिश देकर छेदीलाल नेगी (48) निवासी जगदीशपुर सारंगढ़ और विरेन्द्र विश्वकर्मा (19) निवासी मुरमुरी को गिरफ्तार किया। आरोपियों के कब्जे से 25 लीटर महुआ शराब और एक मोटरसाइकिल जब्त की गई। जब्त सामग्री की कुल कीमत करीब 20 हजार रुपये बताई गई है।
