बैंकिंग योजनाओं की समीक्षा बैठक में कलेक्टर के निर्देश

किसानों, महिला समूहों और विद्यार्थियों के लंबित ऋण प्रकरणों का त्वरित निराकरण करने कहा
महासमुंद। विनय कुमार लंगेह ने जिला पंचायत सभाकक्ष में जिला स्तरीय परामर्शदात्री समिति, जिला स्तरीय रिव्यु समिति एवं जिला स्तरीय आरसेटी परामर्शदात्री समिति की संयुक्त बैठक लेकर जिले में संचालित विभिन्न बैंकिंग योजनाओं एवं ऋण प्रकरणों की विस्तृत समीक्षा की। बैठक में वार्षिक जिला साख योजना, सीडी रेशियो, किसान क्रेडिट कार्ड (केसीसी), प्रधानमंत्री मुद्रा योजना, शैक्षिक ऋण, डेयरी एवं मत्स्य पालन ऋण तथा प्रधानमंत्री फसल बीमा योजना की प्रगति पर विस्तार से चर्चा की गई।
बैठक में कलेक्टर श्री लंगेह ने निर्देश दिए कि किसानों को उनकी आवश्यकताओं के अनुरूप सरल एवं सुगम प्रक्रिया के माध्यम से ऋण उपलब्ध कराया जाए। उन्होंने सहकारी बैंक एवं छत्तीसगढ़ राज्य ग्रामीण बैंक के अधिकारियों को किसान क्रेडिट कार्ड, छोटे व्यवसायियों के लिए प्रधानमंत्री मुद्रा योजना तथा स्वरोजगार योजनाओं से जुड़े लंबित ऋण प्रकरणों का शीघ्र निराकरण सुनिश्चित करने के निर्देश दिए।
महिला स्व-सहायता समूहों को प्राथमिकता देने के निर्देश
कलेक्टर ने राष्ट्रीय ग्रामीण आजीविका मिशन (एनआरएलएम) से जुड़े महिला स्व-सहायता समूहों के लंबित ऋण मामलों को प्राथमिकता से स्वीकृत करने पर जोर देते हुए कहा कि ग्रामीण अर्थव्यवस्था को मजबूत बनाने में महिला समूहों की महत्वपूर्ण भूमिका है। इसके अलावा उच्च शिक्षा प्राप्त कर रहे विद्यार्थियों को उनकी आवश्यकता के अनुसार शैक्षिक ऋण उपलब्ध कराने के निर्देश भी संबंधित बैंक अधिकारियों को दिए गए।
आरसेटी के माध्यम से युवाओं को रोजगारोन्मुखी प्रशिक्षण से जोड़ने पर जोर
बैठक में कलेक्टर ने ग्रामीण स्वरोजगार प्रशिक्षण संस्थान (आरसेटी) के माध्यम से ग्रामीण युवाओं को अधिक से अधिक रोजगारोन्मुखी आवासीय प्रशिक्षण कार्यक्रमों से जोड़ने पर बल दिया। उन्होंने कहा कि हितग्राहियों का चयन स्थानीय जनप्रतिनिधियों के सहयोग से किया जाए, ताकि योजनाओं का लाभ वास्तविक जरूरतमंद लोगों तक पहुंच सके।
वित्तीय साक्षरता और साइबर सुरक्षा पर विशेष जोर
कलेक्टर श्री लंगेह ने बैंकों को नकद जमा अनुपात 60 प्रतिशत तक बनाए रखने के निर्देश देते हुए कहा कि बैंकिंग सेवाओं का लाभ अंतिम व्यक्ति तक पहुंचाना सभी की सामूहिक जिम्मेदारी है। उन्होंने वित्तीय साक्षरता शिविरों के नियमित आयोजन एवं व्यापक प्रचार-प्रसार पर जोर दिया। साथ ही आम नागरिकों को साइबर फ्रॉड से बचाव एवं सुरक्षित बैंकिंग के प्रति जागरूक करने के निर्देश भी दिए।
दूरस्थ ग्रामीण क्षेत्रों तक बैंकिंग सुविधा पहुंचाने के निर्देश
प्रधानमंत्री जीवन ज्योति बीमा योजना, प्रधानमंत्री सुरक्षा बीमा योजना, जन-धन योजना, आधार-मोबाइल सीडिंग एवं रुपे कार्ड वितरण की समीक्षा करते हुए कलेक्टर ने पीएम जनमन योजना के सभी हितग्राहियों के बैंक खाते खोलने और खातों को आधार से लिंक कराने के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि दूरस्थ ग्रामीण क्षेत्रों तक भी सहज बैंकिंग सुविधा पहुंचना आवश्यक है।
कलेक्टर ने स्पष्ट कहा कि यदि किसी हितग्राही का ऋण प्रकरण स्वीकृत नहीं किया जा सकता, तो संबंधित बैंक को लिखित रूप से कारण बताना होगा। उन्होंने बैंक अधिकारियों को पारदर्शिता एवं नियमानुसार कार्यवाही सुनिश्चित करने तथा किसी भी प्रकार की अनियमितता एवं फ्रॉड गतिविधियों से दूर रहने की चेतावनी दी। बैठक में हेमंत नंदनवार, दीपेश तिवारी, प्रियव्रत साहू, अभय पारे सहित विभिन्न बैंकों एवं विभागों के अधिकारी उपस्थित थे।