भंवरपुर परीक्षा केंद्र में नकल और दुर्व्यवहार मामला: 4 शिक्षक समेत पांच निलंबित

डिजिटल कैमरा लेकर परीक्षा कक्ष में पहुंचा परीक्षार्थी, वीडियो-ऑडियो सोशल मीडिया में वायरल होने पर कार्रवाई
महासमुंद। जिले के स्वामी आत्मानंद उत्कृष्ट अंग्रेजी/हिंदी माध्यम विद्यालय भंवरपुर स्थित हाई एवं हायर सेकेंडरी परीक्षा केंद्र क्रमांक 171031 में नकल कराने और दुर्व्यवहार से जुड़ी शिकायत के मामले में बड़ी प्रशासनिक कार्रवाई की गई है। लोक शिक्षण संचालनालय छत्तीसगढ़ ने जांच प्रतिवेदन के आधार पर केंद्राध्यक्ष सहित पांच कर्मचारियों को तत्काल प्रभाव से निलंबित कर दिया है।
यह कार्रवाई जिला शिक्षा अधिकारी महासमुंद द्वारा प्रस्तुत प्रारंभिक जांच प्रतिवेदन के आधार पर की गई। आदेश 12 मई 2026 को लोक शिक्षण संचालनालय, नवा रायपुर से जारी किया गया।
जांच में क्या पाया गया
जांच प्रतिवेदन के अनुसार परीक्षा केंद्र में परीक्षार्थियों के प्रवेश से पहले नियमानुसार सघन जांच नहीं की गई। इसी लापरवाही के चलते एक छात्र इलेक्ट्रॉनिक डिवाइस (डिजिटल कैमरा) लेकर परीक्षा कक्ष में प्रवेश करने में सफल रहा।
बताया गया कि परीक्षा के दौरान वीडियो एवं ऑडियो रिकॉर्डिंग की गई, जिसे बाद में सोशल मीडिया में प्रसारित किया गया। इस घटना से शिक्षा विभाग की छवि धूमिल होने की बात आदेश में कही गई है।
जांच में केंद्राध्यक्ष, सहायक केंद्राध्यक्ष, पर्यवेक्षक तथा अन्य कर्मचारियों की भूमिका संदिग्ध मानी गई तथा ड्यूटी निर्वहन में घोर लापरवाही को छत्तीसगढ़ सिविल सेवा (आचरण) नियम 1965 के नियम-3 के विपरीत गंभीर कदाचार माना गया।
इन कर्मचारियों पर गिरी गाज
लोक शिक्षण संचालनालय ने छत्तीसगढ़ सिविल सेवा (वर्गीकरण, नियंत्रण तथा अपील) नियम 1966 के नियम-9 के उपनियम 1(क) के तहत निम्न कर्मचारियों को तत्काल प्रभाव से निलंबित किया है।
निलंबित कर्मचारियों में एक भृत्य और 4 शिक्षक शामिल है। इनमें गंगा प्रसाद पटेल केन्द्राध्यक्ष व्याख्याता, शासकीय उच्च माध्यमिक विद्यालय बिठिया, विकासखंड बसना, अनिरुद्ध भोई व्याख्याता, स्वामी आत्मानंद उत्कृष्ट अंग्रेजी/हिंदी माध्यम विद्यालय भंवरपुर (सहायक केंद्राध्यक्ष),
दिनेश कुमार दास, व्याख्याता, स्वामी आत्मानंद उत्कृष्ट अंग्रेजी/हिंदी माध्यम विद्यालय भंवरपुर (सहायक केंद्राध्यक्ष),
दुर्गाप्रसाद पटेल, सहायक शिक्षक एलबी, स्वामी आत्मानंद उत्कृष्ट अंग्रेजी/हिंदी माध्यम विद्यालय भंवरपुर (पर्यवेक्षक), श्रीमती विजिया बुड़ेके नियमित भृत्य, स्वामी आत्मानंद उत्कृष्ट अंग्रेजी/हिंदी माध्यम विद्यालय भंवरपुर को निलंबित किया गया है।
निलंबन अवधि में मिलेगा जीवन निर्वाह भत्ता
आदेश में कहा गया है कि निलंबन अवधि के दौरान संबंधित कर्मचारियों को नियमानुसार जीवन निर्वाह भत्ता प्रदान किया जाएगा। साथ ही सभी निलंबित कर्मचारियों का मुख्यालय जिला शिक्षा अधिकारी कार्यालय महासमुंद नियत किया गया है।
शिक्षा विभाग की सख्ती
इस कार्रवाई को परीक्षा केंद्रों में अनुशासन और पारदर्शिता बनाए रखने की दिशा में विभाग की सख्त पहल माना जा रहा है। सोशल मीडिया में वायरल हुए वीडियो के बाद मामले ने तूल पकड़ा था, जिसके बाद विभागीय जांच कर कार्रवाई की गई।