वरिष्ठ पत्रकार प्रवीण खरे का निधन, पत्रकारिता जगत में शोक की लहर
लंबे समय तक राष्ट्रीय अखबारों में निभाई महत्वपूर्ण भूमिका, निष्पक्ष पत्रकारिता के लिए थे प्रसिद्ध
महासमुंद। वरिष्ठ पत्रकार प्रवीण खरे का बुधवार सुबह निधन हो गया। उनके निधन की खबर से पत्रकारिता जगत सहित महासमुंद और रायपुर क्षेत्र में शोक की लहर फैल गई। वे पिछले करीब तीन माह से अस्वस्थ चल रहे थे और उपचाररत थे। बुधवार को उन्होंने अंतिम सांस ली।
प्रवीण खरे ने पत्रकारिता के क्षेत्र में लंबे समय तक सक्रिय रहते हुए अपनी विशिष्ट पहचान बनाई। उन्होंने विभिन्न राष्ट्रीय समाचार पत्रों में रिपोर्टर और ब्यूरो चीफ के रूप में कार्य करते हुए जनहित से जुड़े मुद्दों को प्रमुखता से उठाया। महासमुंद जिले में पत्रकारिता को नई दिशा और पहचान दिलाने में उनका महत्वपूर्ण योगदान माना जाता है।
पत्रकारिता के प्रति उनकी निष्ठा, निष्पक्ष कार्यशैली और बेबाक लेखनी के कारण वे पत्रकारों और आमजन के बीच बेहद सम्मानित थे। पिछले कई वर्षों से वे राजधानी रायपुर में रहकर सक्रिय पत्रकारिता कर रहे थे। मृदुभाषी, सरल और मिलनसार व्यक्तित्व के धनी प्रवीण खरे अपने व्यवहार और कार्यशैली के कारण सभी के प्रिय थे।
उनके निधन की सूचना मिलते ही पत्रकार संगठनों, जनप्रतिनिधियों, सामाजिक संगठनों तथा विभिन्न वर्गों के लोगों ने गहरा दुख व्यक्त किया। कई लोगों ने इसे पत्रकारिता जगत की अपूरणीय क्षति बताया।
स्वर्गीय प्रवीण खरे का अंतिम संस्कार बुधवार 13 मई को रायपुर में किया गया। इस दौरान बड़ी संख्या में पत्रकार, सामाजिक कार्यकर्ता, शुभचिंतक और परिजन उपस्थित रहे। सभी ने उन्हें भावभीनी श्रद्धांजलि अर्पित करते हुए उनकी आत्मा की शांति के लिए प्रार्थना की।
