एनएच पर कंटेनर और कार में भीषण भिड़ंत, तीन घायल

महासमुंद। खल्लारी थाना क्षेत्र अंतर्गत नेशनल हाईवे-353 पर ग्राम मामाभांचा के पास तेज रफ्तार कंटेनर और वेगनआर कार के बीच आमने-सामने की जोरदार टक्कर हो गई। हादसे में कार सवार तीन लोग घायल हो गए, जबकि कंटेनर पलटकर सड़क पर जा गिरा। घायलों का अस्पताल में इलाज जारी है।
जानकारी के अनुसार बागबाहरा निवासी चंदीप सिंग सलूजा 9 मई को अपने परिवार के साथ कार क्रमांक सीजी 06 जीटी 3196 से महासमुंद की ओर जा रहे थे। दोपहर करीब 3:30 बजे मामाभांचा के पास सामने से आ रहे कंटेनर क्रमांक ओडी 02 सीएक्स 3897 के चालक ने लापरवाहीपूर्वक वाहन चलाते हुए कार को टक्कर मार दी।
टक्कर इतनी जोरदार थी कि कार बुरी तरह क्षतिग्रस्त हो गई और कंटेनर सड़क पर पलट गया। घटना के बाद स्थानीय लोगों ने तत्काल घायलों को वाहन से बाहर निकाला।
हादसे में कार चालक चंदीप सिंग सलूजा को जांघ और पसली में गंभीर चोटें आई हैं। वहीं पृथ्वी राजपूत के सिर पर चोट लगी है तथा मासूम गुरजस सिंग सलूजा के चेहरे पर भी चोटें आई हैं। सभी घायलों को निजी अस्पताल में भर्ती कराया गया है।
घटना की सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और जांच शुरू की। सिमरनजीत सिंग सलूजा की रिपोर्ट पर पुलिस ने कंटेनर चालक के खिलाफ मामला दर्ज कर लिया है।