मजदूर से मारपीट, कुल्हाड़ी के बैट से हमला

महासमुंद। खल्लारी थाना क्षेत्र के ग्राम बैहाडीह में जलाऊ लकड़ी ले जाने का विरोध करने पर एक मजदूर के साथ मारपीट का मामला सामने आया है। आरोपी ने कुल्हाड़ी के बैट से हमला कर मजदूर को घायल कर दिया। पुलिस ने पीड़ित की शिकायत पर मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है। पुलिस से मिली जानकारी के अनुसार नारायण चक्रधारी ने खेत के पास जलाऊ लकड़ी इकट्ठा कर रखी थी। आरोप है कि गांव के ही लिकेश साहू ने उक्त लकड़ी को ट्रैक्टर में भरकर अपने घर ले गया। 11 मई की सुबह करीब 9:30 बजे दुर्गा चौक के पास नारायण ने जब लिकेश से लकड़ी ले जाने के संबंध में पूछा, तो वह भड़क गया और गाली-गलौज करने लगा।
विवाद बढ़ने पर आरोपी ने टंगिया के बैट से नारायण पर हमला कर दिया। मारपीट में नारायण की भौंह और दाहिने हाथ की कोहनी में चोटें आई हैं। घटना के दौरान आरोपी ने जान से मारने की धमकी भी दी। मौके पर मौजूद रूपसिंह बरिहा एवं अन्य ग्रामीणों ने बीच-बचाव कर मामला शांत कराया। पीड़ित की शिकायत पर खल्लारी पुलिस ने आरोपी के खिलाफ मामला दर्ज कर विवेचना शुरू कर दी है।