शराब के नशे में बाइक चालक ने पिता-पुत्र को मारी टक्कर, बुजुर्ग गंभीर

महासमुंद। कोमाखान थाना क्षेत्र के सिवनी कला-केरामुड़ा मार्ग पर तेज रफ्तार बाइक चालक ने पिता-पुत्र की मोटरसाइकिल को सामने से टक्कर मार दी। हादसे में बुजुर्ग पिता गंभीर रूप से घायल हो गए, जिन्हें उपचार के लिए निजी अस्पताल में भर्ती कराया गया है। पुलिस ने आरोपी चालक के खिलाफ मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।
जानकारी के अनुसार शिकायतकर्ता देवचंद चौहान अपने पिता भारत चौहान के साथ 3 मार्च की दोपहर करीब 2 बजे खेत से घर लौट रहे थे। इसी दौरान तालाब के पास सामने से आ रहे बाइक क्रमांक सीजी 06 जीएक्स 7083 के चालक देवेंद्र साहू ने लापरवाहीपूर्वक और तेज रफ्तार में वाहन चलाते हुए उनकी बाइक को टक्कर मार दी। बताया जा रहा है कि आरोपी शराब के नशे में था और गलत दिशा से वाहन चला रहा था।
हादसे में भारत चौहान के सिर और चेहरे पर गंभीर चोटें आईं। घटना के बाद डायल 112 की मदद से उन्हें तत्काल अस्पताल पहुंचाया गया। प्राथमिक उपचार के बाद हालत गंभीर होने पर डॉक्टरों ने उन्हें उच्च अस्पताल रेफर कर दिया, जहां वर्तमान में एक निजी अस्पताल में उनका इलाज जारी है। पीड़ित की शिकायत पर कोमाखान पुलिस ने आरोपी देवेंद्र साहू के खिलाफ भारतीय न्याय संहिता की धारा 281 और 125(ए) के तहत अपराध दर्ज कर आगे की कार्रवाई शुरू कर दी है।