सुशासन तिहार पर कांग्रेस का हमला
“सरकार प्रचार में व्यस्त, जनता मूलभूत सुविधाओं के लिए परेशान”- द्वारिकाधीश यादव
महासमुंद। छत्तीसगढ़ सरकार द्वारा आयोजित “सुशासन तिहार” को लेकर खल्लारी विधायक एवं जिला कांग्रेस कमेटी के अध्यक्ष द्वारिकाधीश यादव ने राज्य सरकार पर तीखा हमला बोला है। उन्होंने कहा कि प्रदेश में सुशासन का दावा करने वाली सरकार जमीनी स्तर पर पूरी तरह विफल साबित हो रही है और आम जनता आज भी बिजली, पानी, सड़क, राशन तथा किसानों से जुड़ी समस्याओं से जूझ रही है।
विधायक श्री यादव ने जारी बयान में कहा कि यदि प्रदेश में वास्तव में सुशासन होता, तो ग्रामीण क्षेत्रों के लोगों को मूलभूत सुविधाओं के लिए भटकना नहीं पड़ता। उन्होंने आरोप लगाया कि किसानों को समय पर खाद और बीज उपलब्ध नहीं हो पा रहा है, जबकि बेरोजगार युवा रोजगार की तलाश में दर-दर भटकने को मजबूर हैं।
उन्होंने कहा कि सरकार समस्याओं के समाधान के बजाय केवल कार्यक्रमों और प्रचार-प्रसार में व्यस्त है। “सुशासन तिहार” को उन्होंने “केवल प्रचार का तिहार” बताते हुए कहा कि भाजपा सरकार जनता का ध्यान वास्तविक मुद्दों से भटकाने का प्रयास कर रही है। श्री यादव ने कहा कि आज भी आम लोगों को अपनी पुरानी समस्याओं के निराकरण के लिए दोबारा आवेदन करना पड़ रहा है, जो प्रशासनिक विफलता को दर्शाता है।
कांग्रेस जिलाध्यक्ष ने भाजपा सरकार पर निशाना साधते हुए कहा कि वर्ष 2014 से ही बड़े-बड़े वादों और प्रचार के माध्यम से लोगों को गुमराह किया जा रहा है, जबकि महंगाई, बेरोजगारी और किसानों की समस्याएं जस की तस बनी हुई हैं।
उन्होंने कहा कि “सुशासन” के नाम पर करोड़ों रुपये खर्च कर इवेंट मैनेजमेंट करना जनता के साथ क्रूर मजाक है। कांग्रेस पार्टी जनता की आवाज को मजबूती से उठाती रहेगी और सरकार की जनविरोधी नीतियों का विरोध जारी रखेगी। अंत में विधायक श्री यादव ने प्रशासन से आम जनता की समस्याओं का त्वरित निराकरण सुनिश्चित करने की मांग की।
नीट यूजी परीक्षा: भाजपा सरकार की लापरवाही से युवाओं का भविष्य संकट में
मेडिकल प्रवेश परीक्षा नीट यूजी में सामने आई कथित अनियमितताओं को लेकर जिला कांग्रेस कमेटी के अध्यक्ष एवं द्वारिकाधीश यादव ने केंद्र सरकार पर तीखा हमला बोला है। उन्होंने आरोप लगाया कि भाजपा सरकार की नीतियों और लापरवाही के कारण देश के युवाओं का भविष्य लगातार संकट में पड़ता जा रहा है।
श्री यादव ने जारी बयान में कहा कि पिछले कुछ वर्षों में देशभर में आयोजित विभिन्न प्रतियोगी परीक्षाओं में पेपर लीक, भ्रष्टाचार और अनियमितताओं के कई मामले सामने आए हैं, लेकिन केंद्र सरकार इन घटनाओं पर प्रभावी रोक लगाने में पूरी तरह विफल रही है। उन्होंने कहा कि भाजपा शासनकाल में शिक्षा व्यवस्था अव्यवस्था और भ्रष्टाचार की भेंट चढ़ चुकी है, जिससे मेहनती और प्रतिभाशाली विद्यार्थियों का मनोबल टूट रहा है।
उन्होंने कहा कि नीट यूजी जैसी महत्वपूर्ण परीक्षा में गड़बड़ी की खबरें बेहद चिंताजनक हैं। लाखों छात्र-छात्राएं वर्षों तक कठिन परिश्रम और समर्पण के साथ परीक्षा की तैयारी करते हैं, लेकिन जब परीक्षा प्रक्रिया की पारदर्शिता पर ही सवाल उठने लगें तो युवाओं का विश्वास व्यवस्था से कमजोर होने लगता है। यह केवल विद्यार्थियों के साथ अन्याय नहीं, बल्कि देश की शिक्षा प्रणाली की विश्वसनीयता पर भी गंभीर प्रश्नचिह्न है।
कांग्रेस जिलाध्यक्ष श्री यादव ने केंद्र सरकार से मांग की कि नीट यूजी परीक्षा में हुई कथित अनियमितताओं की निष्पक्ष एवं पारदर्शी जांच कर दोषियों के खिलाफ कड़ी कार्रवाई की जाए। साथ ही भविष्य में ऐसी घटनाओं की पुनरावृत्ति रोकने के लिए सख्त, सुरक्षित और पारदर्शी परीक्षा प्रणाली लागू की जाए।
उन्होंने कहा कि कांग्रेस पार्टी हमेशा छात्रों और युवाओं के हितों की आवाज उठाती रही है और आगे भी युवाओं के भविष्य के साथ किसी भी प्रकार का खिलवाड़ बर्दाश्त नहीं किया जाएगा।
