अंकोरी टांडा-बिरसिंगपाली मार्ग जर्जर, टूटी पुलिया से हादसे का खतरा

सभापति प्रकाश ने विधायक और कलेक्टर को सौंपा ज्ञापन, मरम्मत व जांच की मांग
महासमुंद। जनपद पंचायत बसना क्षेत्र अंतर्गत ग्राम अंकोरी से टांडा एवं बिरसिंगपाली को जोड़ने वाली मुख्यमंत्री ग्राम सड़क योजना के तहत निर्मित सड़क और पुलिया की जर्जर हालत को लेकर जनपद पंचायत बसना के सभापति एवं अंकोरी क्षेत्र के जनपद सदस्य प्रकाश सिन्हा ने विधायक डॉ. सम्पत अग्रवाल एवं कलेक्टर को ज्ञापन सौंपकर सड़क एवं क्षतिग्रस्त पुलिया की शीघ्र मरम्मत अथवा पुनर्निर्माण कराने की मांग की है।
जानकारी के अनुसार, हाल ही में क्षेत्र में आयोजित एक कीर्तन कार्यक्रम में शामिल होने पहुंचे सभापति प्रकाश सिन्हा की नजर अंकोरी टांडा और बिरसिंगपाली के बीच स्थित क्षतिग्रस्त पुलिया पर पड़ी। उन्होंने मौके पर रुककर सड़क एवं पुलिया का निरीक्षण किया तथा ग्रामीणों से चर्चा कर समस्या की गंभीरता को समझा। इस दौरान ग्राम सरपंच मिश्रा दीप, मुरली नायक, महेंद्र प्रधान सहित बड़ी संख्या में ग्रामीण मौजूद रहे।
ग्रामीणों ने बताया कि पुलिया पूरी तरह क्षतिग्रस्त हो चुकी है, जिससे आवागमन बेहद जोखिम भरा हो गया है। विशेषकर रात के समय दुर्घटना की आशंका लगातार बनी रहती है और कई छोटे हादसे भी हो चुके हैं। ग्रामीण वर्तमान में पुलिया के पास पत्थर रखकर वैकल्पिक रास्ते से जान जोखिम में डालकर आवागमन करने को मजबूर हैं। वहीं सड़क भी जगह-जगह से उखड़ चुकी है, जिससे वाहन चालकों और राहगीरों को भारी परेशानी का सामना करना पड़ रहा है।
बताया गया कि यह मार्ग बसना–पदमपुर मुख्य सड़क से ग्राम अंकोरी होते हुए लगभग 4 किलोमीटर दूरी पर स्थित महत्वपूर्ण संपर्क मार्ग है। इस रास्ते से प्रतिदिन बड़ी संख्या में ग्रामीणों का आवागमन होता है। ऐसे में यदि समय रहते पुलिया और सड़क की मरम्मत नहीं कराई गई तो दोनों गांवों का संपर्क पूरी तरह बाधित होने की स्थिति बन सकती है।
निर्माण गुणवत्ता की जांच और कार्रवाई की मांग
सभापति प्रकाश सिन्हा ने सड़क एवं पुलिया निर्माण कार्य की गुणवत्ता की जांच कराने के साथ ही संबंधित अधिकारी एवं निर्माण एजेंसी पर कार्रवाई की मांग भी की है। उन्होंने कहा कि मार्ग पर लगा सूचना बोर्ड भी पूरी तरह क्षतिग्रस्त हो चुका है, जिससे निर्माण कार्य से संबंधित जानकारी उपलब्ध नहीं हो पा रही है। उन्होंने प्रशासन से जनहित को ध्यान में रखते हुए त्वरित कार्रवाई करने की मांग की है, ताकि क्षेत्रवासियों को सुरक्षित और सुगम आवागमन की सुविधा मिल सके।