हरदा में लगा समाधान शिविर, ग्रामीणों की समस्याएं सुन त्वरित निराकरण के दिए निर्देश

सुशासन तिहार के तहत महिला आयोग सदस्य सरला कोसरिया हुईं शामिल, विभिन्न योजनाओं से हितग्राहियों को किया गया लाभान्वित
महासमुंद। सुशासन तिहार के अंतर्गत गुरुवार को जिले के बसना विकासखंड के ग्राम हरदा में समाधान शिविर का आयोजन किया गया। शिविर में मुख्य अतिथि के रूप में राज्य महिला आयोग की सदस्य सरला कोसरिया शामिल हुईं। इस अवसर पर जिला पंचायत सदस्य कुमारी भास्कर, कलेक्टर विनय कुमार लंगेह, अनुविभागीय अधिकारी राजस्व हरिशंकर पैकरा, तहसीलदार कृष्ण कुमार साहू सहित स्थानीय जनप्रतिनिधि एवं विभिन्न विभागों के अधिकारी उपस्थित रहे।
शासन और जनता के बीच संवाद मजबूत करने का प्रयास
शिविर को संबोधित करते हुए महिला आयोग सदस्य सरला कोसरिया ने कहा कि मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय के नेतृत्व में आयोजित सुशासन तिहार का उद्देश्य शासन और आमजन के बीच संवाद को मजबूत करना तथा लोगों की समस्याओं का त्वरित समाधान सुनिश्चित करना है। उन्होंने शिविर में उपस्थित ग्रामीणों से सीधे संवाद कर उनकी समस्याएं एवं मांगें सुनीं और अधिकारियों को निर्देशित किया कि प्राप्त आवेदनों का प्राथमिकता के साथ समय-सीमा में निराकरण किया जाए।
योजनाओं का लाभ अंतिम व्यक्ति तक पहुंचाना प्राथमिकता
कलेक्टर विनय कुमार लंगेह ने कहा कि शासन की विभिन्न जनकल्याणकारी योजनाओं का लाभ अंतिम व्यक्ति तक पहुंचाना प्रशासन की सर्वोच्च प्राथमिकता है। उन्होंने अधिकारियों को निर्देश दिए कि पेयजल, राजस्व, राशन कार्ड, सामाजिक सुरक्षा पेंशन, आयुष्मान कार्ड तथा अन्य योजनाओं से संबंधित मामलों का संवेदनशीलता के साथ निराकरण किया जाए।
विभागीय स्टॉलों का किया अवलोकन
कार्यक्रम के दौरान जनप्रतिनिधियों एवं कलेक्टर ने विभिन्न विभागों द्वारा लगाए गए स्टॉलों का अवलोकन किया। इस दौरान मांग एवं शिकायत संबंधी आवेदनों के निराकरण की जानकारी ली गई तथा संबंधित अधिकारियों को आवश्यक दिशा-निर्देश दिए गए। विभिन्न विभागों द्वारा आमजनों को शासन की योजनाओं की जानकारी दी गई तथा पात्र हितग्राहियों को योजनाओं से लाभान्वित भी किया गया।
हितग्राहियों को बांटे गए प्रमाण पत्र और दस्तावेज
शिविर में आरसेटी के तहत प्रशिक्षार्थियों को प्रमाण पत्र वितरित किए गए। इसके साथ ही किसानों को ऋण पुस्तिका तथा हितग्राहियों को आयुष्मान कार्ड, आधार कार्ड, जाति प्रमाण पत्र सहित अन्य आवश्यक दस्तावेज भी प्रदान किए गए।
16 ग्राम पंचायतों के ग्रामीणों ने दिए आवेदन
समाधान शिविर में 16 ग्राम पंचायतों हरदा, बड़ेसाजापाली, बेलटिकरी, बुटीपाली, बनडबरी, उड़ेला, जमदरहा, पुरुषोत्तमपुर, कुरमाडीह, चिपरीकोना, लोहड़ीपुर, मुनगाडीह, सलखण्ड, बुन्देलाभांठा, ढालम एवं चनाट के ग्रामीण शामिल हुए। ग्रामीणों ने अपनी विभिन्न समस्याओं एवं मांगों से संबंधित आवेदन प्रस्तुत किए।
इस अवसर पर बड़ी संख्या में ग्रामीणजन, जनप्रतिनिधि, जिला एवं विकासखंड स्तरीय अधिकारी-कर्मचारी उपस्थित रहे।
8 मई को लोहारडीह में लगेगा अगला समाधान शिविर
जिला प्रशासन ने जानकारी दी कि 8 मई को महासमुंद विकासखंड अंतर्गत ग्राम पंचायत लोहारडीह के मिडिल स्कूल मैदान में अगला समाधान शिविर आयोजित किया जाएगा, जिसमें 14 ग्राम पंचायतों के नागरिक शामिल होंगे। प्रशासन ने ग्रामीणों से अधिक से अधिक संख्या में पहुंचकर शासन की योजनाओं एवं सेवाओं का लाभ लेने की अपील की है।