ट्रैक्टर की टक्कर से बाइक सवार की मौत, पत्नी-बेटी घायल
पिथौरा थाना क्षेत्र के ग्राम मेमरा के पास हुआ दर्दनाक हादसा
महासमुंद। पिथौरा थाना क्षेत्र अंतर्गत ग्राम मेमरा के पास तेज रफ्तार ट्रैक्टर की टक्कर से बाइक सवार एक व्यक्ति की मौत हो गई, जबकि उसकी पत्नी और बेटी घायल हो गए। पुलिस ने आरोपी ट्रैक्टर चालक के विरुद्ध मामला दर्ज कर लिया है।
पुलिस से मिली जानकारी के अनुसार 06 मई को बोधराम डड़सेना अपनी पत्नी पुन्नीबाई डड़सेना और पुत्री इंदुमती के साथ बाइक क्रमांक सीजी 06 जीके 4723 से गोड़बहाल से अनसुला जा रहा था। सुबह करीब 09:25 बजे एनएच-53 पर ग्राम मेमरा के पास सामने से गलत दिशा में आ रहे लाल रंग के महिंद्रा युवा 475 डीआई सोल्ड ट्रैक्टर ने बाइक को जोरदार टक्कर मार दी।
हादसे में बाइक सवार तीनों लोग सड़क पर गिर गए। दुर्घटना में बोधराम डड़सेना के सिर के पीछे और छाती में गंभीर चोटें आईं, जबकि उसकी पत्नी पुन्नीबाई के सिर और बाएं जबड़े में चोट लगी। वहीं पुत्री इंदुमती को भी अंदरूनी चोटें आई हैं।
घायलों को तत्काल उपचार के लिए सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र पिथौरा ले जाया गया, जहां चिकित्सकों ने बोधराम डड़सेना को मृत घोषित कर दिया। घटना के बाद पुलिस ने आरोपी ट्रैक्टर चालक के खिलाफ बीएनएस की धारा 106(1), 125(ए) एवं 281 के तहत अपराध दर्ज कर विवेचना शुरू कर दी है।
