रिवर्स हो रहे ट्रक ने कार को घसीटा, चालक के खिलाफ अपराध दर्ज
टाउन हाल मार्ग में हुआ हादसा, कार क्षतिग्रस्त
महासमुंद। टाउन हाल रोड में रिवर्स हो रहे एक ट्रक ने कार को टक्कर मार दी, जिससे कार क्षतिग्रस्त हो गई। मामले की शिकायत पर पुलिस ने ट्रक चालक के विरुद्ध अपराध दर्ज कर लिया है।
प्राप्त जानकारी के अनुसार आशीष लहरे ने पुलिस को बताया कि वह 05 मई की सुबह कार क्रमांक सीजी 04 पीसी 6877 से अपनी मालकिन उषा जैन को महावीर कॉलोनी महासमुंद से जैन मंदिर लेकर जा रहा था।
सुबह करीब 10:30 बजे टाउन हाल मार्ग के पास पहुंचने पर ट्रक क्रमांक सीजी 04 एलक्यू 7707 का चालक वाहन को रिवर्स कर रहा था। इसी दौरान ट्रक ने कार को साइड से टक्कर मारते हुए घसीट दिया, जिससे कार को नुकसान पहुंचा।
घटना के बाद मामले की सूचना पुलिस को दी गई। पुलिस ने शिकायत के आधार पर आरोपी ट्रक चालक के खिलाफ बीएनएस की धारा 184 एलकेएस एवं 281 के तहत अपराध दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।
