बच्चों को खोजने गई महिला से मारपीट, तीन आरोपियों पर मामला दर्ज

भंवरपुर थाना क्षेत्र के ग्राम उड़ेला की घटना, जातिसूचक शब्द कहकर मारपीट का आरोप
महासमुंद। भंवरपुर थाना क्षेत्र अंतर्गत ग्राम उड़ेला में एक महिला के साथ मारपीट करने का मामला सामने आया है। पुलिस ने पीड़िता की रिपोर्ट पर तीन लोगों के विरुद्ध अपराध दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।
पुलिस के मुताबिक ग्राम उड़ेला निवासी सनमोती निषाद पति लव कुमार निषाद ने थाना पहुंचकर शिकायत दर्ज कराई कि 05 मई को दोपहर लगभग 12:30 बजे वह अपने बच्चों को खोजते हुए पड़ोसी के घर गई थी। कुछ देर बाद जब वह वापस अपने घर लौटी तो घर के सामने विजय निषाद, उत्तरा निषाद और सुनिता निषाद खड़े थे।
आरोप है कि इसी दौरान विजय निषाद ने उसे देखकर जातिसूचक शब्द कहकर संबोधित किया। महिला द्वारा विरोध करने और मना करने पर तीनों आरोपियों ने उसके साथ गाली-गलौज करते हुए मारपीट शुरू कर दी। घटना के बाद पीड़िता ने भंवरपुर थाना पहुंचकर मामले की शिकायत दर्ज कराई।
पुलिस ने रिपोर्ट के आधार पर आरोपियों विजय निषाद, उत्तरा निषाद एवं सुनिता निषाद के खिलाफ बीएनएस की धारा 296, 115(2), 351(2), 3(5) के तहत अपराध पंजीबद्ध कर विवेचना शुरू कर दी है।