जमीन-घर के बंटवारे को लेकर बेटे ने दी धमकी, मामला दर्ज

बोन कैंसर पीड़ित पिता की शिकायत पर सिटी कोतवाली पुलिस ने की कार्रवाई
महासमुंद। जमीन और मकान के बंटवारे को लेकर पिता को धमकी देने वाले युवक के खिलाफ सिटी कोतवाली पुलिस ने मामला दर्ज किया है। पुलिस से मिली जानकारी के अनुसार वार्ड क्रमांक 3 इमलीभांठा निवासी उमाशंकर निगम (72) ने शिकायत दर्ज कराई कि उनका पुत्र रविकांत निगम करीब चार वर्ष पूर्व विवाह के बाद उसी घर में अलग रह रहा है।
प्रार्थी ने बताया कि वह बोन कैंसर से पीड़ित हैं तथा उनकी बहन अमोद श्रीवास्तव पिछले 36 वर्षों से उनके साथ रह रही हैं। परिवार के पास पैतृक जमीन एवं मकान है। शिकायत के अनुसार रविकांत पिछले करीब 10 वर्षों से जमीन-घर के बंटवारे की मांग कर रहा है।
उमाशंकर निगम ने पुलिस को बताया कि बीमारी के कारण उनके पास आय का कोई अन्य साधन नहीं है। खेती को अधिया एवं रेघा पर देकर मिलने वाली आय से उनका इलाज और बहन का भरण-पोषण चल रहा है। बताया गया कि 8 मई की दोपहर लगभग 3 बजे रविकांत निगम और उसकी पत्नी रिंकी निगम ने जमीन-घर के बंटवारे की बात को लेकर विवाद किया तथा जान से मारने की धमकी दी। शिकायत पर सिटी कोतवाली पुलिस ने आरोपियों के खिलाफ बीएनएस की धारा 296, 3(5) एवं 351(3) के तहत अपराध दर्ज कर विवेचना शुरू कर दी है।