अवैध खनिज परिवहन पर सख्ती: 3 हाईवा वाहन जप्त, तुमगांव पुलिस की अभिरक्षा में रखे गए

कलेक्टर के निर्देश पर कार्रवाई तेज, रेत व फर्शी पत्थर के अवैध परिवहन पर प्रशासन की कड़ी निगरानी
महासमुंद। जिले में खनिजों के अवैध परिवहन, भंडारण एवं उत्खनन पर प्रशासन ने सख्त रुख अपनाते हुए लगातार कार्रवाई जारी रखी है। कलेक्टर विनय कुमार लंगेह के निर्देश पर खनिज विभाग एवं संबंधित अमले द्वारा संयुक्त रूप से निरीक्षण एवं कार्रवाई की जा रही है।
इसी क्रम में मुड़ियाडीह स्थित रेत खदान से अवैध रूप से रेत परिवहन करते पाए गए दो हाईवा वाहनों को जब्त किया गया है। इन वाहनों को कार्रवाई के बाद तुमगांव पुलिस थाना की अभिरक्षा में रखा गया है।
इसके अलावा खनिज फर्शी पत्थर गिट्टी का अवैध परिवहन करते हुए एक अन्य हाईवा वाहन को भी जब्त किया गया है, जिसे तुमगांव थाना में सुरक्षित रखा गया है।
जिला खनिज अधिकारी ने जानकारी देते हुए बताया कि खनिजों का परिवहन केवल वैध अभिवहन पास के माध्यम से ही किया जाना अनिवार्य है। बिना अनुमति या दस्तावेज के खनिजों का परिवहन पूर्णतः अवैध माना जाएगा।
उन्होंने स्पष्ट किया कि जिले में किसी भी प्रकार के अवैध खनिज परिवहन, भंडारण अथवा उत्खनन पाए जाने पर संबंधित व्यक्तियों के खिलाफ कड़ी कानूनी कार्रवाई की जाएगी। प्रशासन द्वारा इस तरह की गतिविधियों पर नजर रखने के लिए लगातार अभियान चलाया जा रहा है।
जिला प्रशासन ने खनिज कारोबार से जुड़े सभी लोगों को नियमों का पालन करने की सख्त हिदायत दी है। नियमों की अनदेखी करने वालों के खिलाफ आगे भी इसी तरह सख्त कार्रवाई जारी रहेगी।