अयोध्या धाम के लिए तीर्थ यात्रियों की रवानगी

श्री रामलला दर्शन योजना के तहत विधायक ने हरी झंडी दिखाकर बस को किया रवाना
महासमुंद। श्री रामलला दर्शन अयोध्या धाम योजना के अंतर्गत बुधवार को महासमुंद से श्रद्धालुओं का दल भगवान श्री रामलला के दर्शन के लिए अयोध्या रवाना हुआ। इस अवसर पर महासमुंद विधायक योगेश्वर राजू सिन्हा ने अपने कार्यालय से श्रद्धालुओं को शुभकामनाएं देते हुए भगवा झंडा दिखाकर बस को रवाना किया।
विधायक श्री सिन्हा ने यात्रियों को संबोधित करते हुए कहा कि वे सभी एक पुण्य कार्य के लिए अयोध्या जा रहे हैं। उन्होंने प्रभु श्रीराम से सभी यात्रियों की मंगलमय और सुरक्षित यात्रा की कामना की। उन्होंने बताया कि श्री रामलला दर्शन अयोध्या धाम योजना से प्रदेश के नागरिकों को बड़ा लाभ मिल रहा है और बड़ी संख्या में लोग अपने आराध्य देव के दर्शन के लिए उत्साहपूर्वक यात्रा कर रहे हैं।
उन्होंने आगे कहा कि मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय के नेतृत्व में राज्य सरकार विभिन्न जनकल्याणकारी योजनाओं का संचालन कर रही है, जिनमें यह योजना भी प्रमुख है। वर्षों के इंतजार के बाद अयोध्या में नवनिर्मित मंदिर में श्री रामलला विराजमान हुए हैं, जिनके दर्शन का सौभाग्य अब छत्तीसगढ़ के लोगों को भी मिल रहा है।
विधायक ने कहा कि अयोध्या स्थित प्रभु श्रीराम मंदिर के दर्शन कराने की प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी की गारंटी को पूरा करने की दिशा में राज्य सरकार लगातार प्रयासरत है। इस योजना के माध्यम से प्रत्येक विकासखंड के श्रद्धालुओं को लाभ मिल रहा है और आने वाले समय में भी यह यात्रा निरंतर जारी रहेगी।
इस अवसर पर मंडल अध्यक्ष डिगेश्वरी चंद्राकर, नगर पालिका उपाध्यक्ष देवीचंद राठी, भाजपा नेता गोविंद ठाकुर, राजेंद्र चंद्राकर, अरविंद प्रहरे, हनीश बग्गा, माखन पटेल, पप्पू ठाकुर, सुनैना ठाकुर, शरद मराठा, पीयूष साहू सहित बड़ी संख्या में कार्यकर्ता एवं नागरिक उपस्थित रहे।