वार्ड 29 में सीसी रोड निर्माण का भूमिपूजन, विधायक व पालिका अध्यक्ष ने दी सौगात

मलेरिया ऑफिस के समीप बनेगी सड़क, बरसात में कीचड़ से मिलेगी राहत
अन्य वार्डों में भी मूलभूत सुविधाओं का विस्तार जारी
महासमुंद। नगर के वार्ड क्रमांक 29 में मलेरिया ऑफिस के समीप सीसी रोड निर्माण कार्य का शुभारंभ आज विधिवत भूमिपूजन के साथ किया गया। इस अवसर पर क्षेत्रीय विधायक योगेश्वर राजू सिन्हा एवं नगर पालिका अध्यक्ष निखिलकांत साहू ने पूजा-अर्चना कर निर्माण कार्य की शुरुआत की।
कार्यक्रम को संबोधित करते हुए विधायक श्री सिन्हा ने वार्डवासियों को सीसी रोड निर्माण की सौगात मिलने पर बधाई दी। उन्होंने कहा कि सड़क निर्माण से न केवल आवागमन सुगम होगा, बल्कि क्षेत्र के समग्र विकास को भी गति मिलेगी। उन्होंने आश्वस्त किया कि शहर के सभी वार्डों में बुनियादी सुविधाओं को प्राथमिकता के साथ विकसित किया जाएगा।
नगर पालिका अध्यक्ष श्री साहू ने कहा कि सीसी रोड बनने से स्थानीय निवासियों को आवागमन में काफी सुविधा होगी और विशेष रूप से बरसात के दिनों में कीचड़ की समस्या से राहत मिलेगी। उन्होंने बताया कि पालिका क्षेत्र के विभिन्न वार्डों में सड़क, नाली सहित अन्य मूलभूत सुविधाओं का तेजी से विस्तार किया जा रहा है, ताकि नागरिकों को बेहतर जीवन-स्तर मिल सके।
इस अवसर पर नगर पालिका उपाध्यक्ष देवीचंद राठी, वार्ड पार्षद शुभ्रा मनीष शर्मा, सभापति ज्योति रिंकू चंद्राकर, जितेंद्र चंद्राकर, पार्षद कल्पना सूर्यवंशी, नीरज चंद्राकर, पीयूष साहू, माधुरी यदु, धनेश्वरी सोनवानी, रमेश साहू सहित बड़ी संख्या में वार्डवासी उपस्थित रहे। कार्यक्रम में स्थानीय नागरिकों ने जनप्रतिनिधियों का आभार व्यक्त करते हुए शीघ्र निर्माण कार्य पूर्ण करने की अपेक्षा जताई।