दहेज प्रताड़ना से तंग आकर नवविवाहिता ने की आत्महत्या, पति-सास-ससुर पर अपराध दर्ज

शादी के कुछ माह बाद शुरू हुई प्रताड़ना, सुसाइड से पहले बहन को भेजा अंतिम संदेश
महासमुंद। जिले के सांकरा थाना क्षेत्र अंतर्गत ग्राम धरमपुर में फांसी लगाकर आत्महत्या करने वाली नवविवाहिता के मामले में नया खुलासा हुआ है। प्रारंभ में जहां परिजनों ने ससुराल पक्ष पर हत्या का आरोप लगाया था, वहीं पुलिस जांच में मामला दहेज प्रताड़ना से तंग आकर आत्महत्या करने का सामने आया है। पुलिस ने आरोपी पति सहित सास-ससुर के खिलाफ अपराध दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।
पुलिस से मिली जानकारी के अनुसार, 27 अप्रैल 2026 को सूचना प्राप्त हुई कि ग्राम धरमपुर निवासी रंजनी प्रधान (26 वर्ष) ने अपने घर के कमरे में फांसी लगाकर आत्महत्या कर ली है। सूचना पर पुलिस ने मर्ग कायम कर जांच प्रारंभ की। नायब तहसीलदार ललित सिंह की उपस्थिति में पंचनामा कार्रवाई की गई। मृतका का शव कमरे में पलंग के पास पाया गया, जबकि गले में फांसी का काला निशान स्पष्ट रूप से दिखाई दे रहा था।
जांच में सामने आई दहेज प्रताड़ना
मामले की जांच के दौरान मृतका के पिता करमलाल साहू, बहन रीनू साहू सहित अन्य गवाहों के विस्तृत बयान लिए गए। उन्होंने बताया कि रंजनी प्रधान का विवाह 6 मार्च 2025 को ग्राम धरमपुर निवासी डिगेश प्रधान (पुत्र वीरेंद्र प्रधान) के साथ हुआ था।
शादी में परिजनों द्वारा अपनी हैसियत के अनुसार दहेज दिया गया था। प्रारंभिक दो-तीन माह तक वैवाहिक जीवन सामान्य रहा, लेकिन इसके बाद पति डिगेश प्रधान, सास तमालवती प्रधान और ससुर वीरेंद्र प्रधान द्वारा दहेज कम लाने का ताना देकर प्रताड़ित किया जाने लगा। आरोपियों द्वारा अतिरिक्त दहेज के रूप में सोना, नकदी और वाशिंग मशीन की मांग की जा रही थी।
मायके में भी जताई थी पीड़ा
परिजनों के अनुसार, रंजनी फोन पर तथा मायके आने पर अपनी परेशानी की जानकारी देती थी। दिसंबर 2025 में पिता उसे मायके ले आए थे। बाद में पति को बुलाकर समझाइश भी दी गई, लेकिन ससुराल पक्ष के व्यवहार में कोई सुधार नहीं हुआ और प्रताड़ना जारी रही।
आत्महत्या से पहले भेजा भावुक संदेश
घटना की रात 27 अप्रैल को करीब 1 बजे रंजनी ने अपनी बहन रीनू साहू को मोबाइल पर एक संदेश भेजा। संदेश में उसने लिखा कि वह किसी पर बोझ नहीं बनना चाहती और अपने सोने-चांदी के सामान को वापस ले आने की बात कही, जिसे उसने अपनी अंतिम इच्छा बताया। सुबह करीब 5:30 बजे पिता ने रंजनी को फोन लगाया, लेकिन मोबाइल बंद मिला। इसके बाद पति डिगेश से संपर्क करने पर उसने बताया कि रंजनी ने फांसी लगा ली है।
पुलिस ने दर्ज किया मामला
सांकरा पुलिस ने जांच के आधार पर आरोपी पति डिगेश प्रधान, सास तमालवती प्रधान और ससुर वीरेंद्र प्रधान के खिलाफ बीएनएस की धारा 80(2) के तहत अपराध दर्ज कर लिया है। मामले की विस्तृत विवेचना जारी है।
यह मामला एक बार फिर दहेज प्रथा की गंभीरता और उसके दुष्परिणामों को उजागर करता है, जहां एक नवविवाहिता को मानसिक और सामाजिक दबाव के चलते अपनी जीवनलीला समाप्त करनी पड़ी। पुलिस मामले की गहन जांच कर रही है और आरोपियों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की बात कही जा रही है।