सिरपुर क्षेत्र में दंतैल हाथी की दस्तक, 12 गांवों में अलर्ट जारी
रबी धान की फसलों को भारी नुकसान, वन विभाग ने ग्रामीणों को सतर्क रहने की दी सलाह
महासमुंद। सिरपुर क्षेत्र में एक बार फिर दंतैल हाथी की आमद ने ग्रामीणों की चिंता बढ़ा दी है। हालांकि अब तक किसी प्रकार की जनहानि नहीं हुई है, लेकिन खेतों में घुसकर हाथी ने रबी धान की फसलों को भारी नुकसान पहुंचाया है, जिससे किसानों की मुश्किलें बढ़ गई हैं।
वन विभाग से मिली जानकारी के अनुसार, शनिवार रात दंतैल हाथी जंगल के कक्ष क्रमांक 3, 4 और 5 से होते हुए सिरपुर रोड पार कर ग्राम सेनकपाट के खेतों में पहुंच गया। वहां फसलों को नुकसान पहुंचाने के बाद वह पुनः सड़क पार कर जंगल क्षेत्र में लौट गया, जहां वर्तमान में उसके विचरण की सूचना है।
इस समय सिरपुर क्षेत्र के गांवों में रबी धान की फसल पककर तैयार है। ऐसे में हाथी के खेतों में प्रवेश करने से कई किसानों की फसल बर्बाद हो गई है। ग्रामीणों का कहना है कि हाथी के चलते कई खेतों में धान की फसल पूरी तरह नष्ट हो गई है, जिससे उनके सामने आर्थिक संकट खड़ा हो गया है।
स्थिति को देखते हुए वन विभाग ने सिरपुर, सेनकपाट, खमतराई, रायकेरा, मरौद, अमलोर, सुकुलबाय, केशलडीह, खड़सा, फुसेराडीह, लहंगर और मोहकम सहित 12 गांवों में अलर्ट जारी किया है। मुनादी के माध्यम से ग्रामीणों को सतर्क रहने की चेतावनी दी जा रही है।
विभाग ने खास तौर पर लोगों से शाम के समय घरों से बाहर न निकलने, अनावश्यक आवागमन से बचने तथा अलसुबह और देर शाम खेतों की ओर न जाने की अपील की है, ताकि किसी भी अप्रिय घटना से बचा जा सके।
