धनसुली में महिला से मारपीट, पड़ोसी बहू-ससुर पर केस दर्ज

घर में अकेली युवती पर हसिया व चप्पल से हमला, कोतवाली पुलिस ने दर्ज किया अपराध
महासमुंद। ग्राम धनसुली में एक महिला के साथ पड़ोस में रहने वाले बहू और ससुर द्वारा मारपीट करने का मामला सामने आया है। शिकायत के आधार पर सिटी कोतवाली पुलिस ने आरोपियों के खिलाफ मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।
पुलिस को दी गई जानकारी में पीड़िता रीतु साहू ने बताया कि 26 अप्रैल को उसके माता-पिता काम पर गए हुए थे और वह घर में अकेली थी। इसी दौरान सुबह करीब 11 बजे पड़ोस में रहने वाली सुमन धीवर अपने ससुर मोहन धीवर के साथ उसके घर में जबरन घुस आई।
पीड़िता के अनुसार, सुमन धीवर ने उसके साथ मारपीट करते हुए पीठ पर हमला किया और हसिया से भी वार करने की कोशिश की। वहीं, मोहन धीवर ने भी चप्पल से मारपीट की। घटना से घबराई पीड़िता ने बाद में पुलिस में शिकायत दर्ज कराई। सिटी कोतवाली पुलिस ने मामले में आरोपियों के खिलाफ बीएनएस की धारा 296, 115(2), 351(3), 333 और 3(5) के तहत अपराध दर्ज कर लिया है। पुलिस द्वारा मामले की विवेचना की जा रही है।