1 मई से शुरू होगा सुशासन तिहार-2026, जनसमस्याओं के त्वरित समाधान पर रहेगा फोकस
कलेक्टर विनय कुमार लंगेह ने किया नोडल अधिकारियों की नियुक्ति
10 जून तक जिलेभर में लगेंगे समाधान शिविर
महासमुंद। आमजन को सुगम, पारदर्शी एवं त्वरित सेवाएं उपलब्ध कराने के उद्देश्य से जिले में इस वर्ष भी 01 मई से 10 जून 2026 के बीच सुशासन तिहार-2026 का आयोजन किया जाएगा। इस दौरान ग्राम पंचायत मुख्यालयों से लेकर जिला मुख्यालय तक व्यापक स्तर पर जनसमस्या निवारण शिविर लगाए जाएंगे।
कलेक्टर विनय कुमार लंगेह ने आयोजन को सफल बनाने के लिए मुख्य कार्यपालन अधिकारी जिला पंचायत हेमंत नंदनवार को नोडल अधिकारी नियुक्त किया है। वहीं अपर कलेक्टर रवि कुमार साहू को सहायक नोडल अधिकारी की जिम्मेदारी सौंपी गई है।
ज्ञात हो कि पिछले वर्ष आयोजित सुशासन तिहार के सकारात्मक परिणाम सामने आए थे। इसी कड़ी में इस वर्ष भी शिविरों के माध्यम से आम नागरिकों से उनकी समस्याओं एवं शिकायतों से संबंधित आवेदन प्राप्त किए जाएंगे और उनका समयबद्ध निराकरण सुनिश्चित किया जाएगा।
इस आयोजन के तहत ग्राम पंचायत मुख्यालयों, नगरीय निकाय कार्यालयों, विकासखण्ड मुख्यालयों एवं जिला स्तर पर विशेष समाधान शिविर आयोजित किए जाएंगे। इन शिविरों में न केवल शिकायतों का निराकरण होगा, बल्कि शासन की जनकल्याणकारी योजनाओं के क्रियान्वयन की समीक्षा भी की जाएगी।
सुशासन तिहार का मुख्य उद्देश्य आमजन की समस्याओं का त्वरित समाधान करना, विकास कार्यों में गति लाना तथा आम जनता, जनप्रतिनिधियों और सामाजिक संगठनों के साथ सीधा संवाद स्थापित करना है।
