समाज में शामिल कराने के नाम पर उगाही का आरोप, चार पर केस दर्ज
बैठक के नाम पर बार-बार पैसे लेने और बहिष्कार की धमकी का मामला
महासमुंद। जिले के बसना थाना क्षेत्र अंतर्गत ग्राम बड़ेडाभा में समाज में शामिल कराने के नाम पर एक परिवार से कथित रूप से उगाही, डराने-धमकाने और सामाजिक बहिष्कार की धमकी देने का मामला सामने आया है। पुलिस ने इस संबंध में चार आरोपियों के खिलाफ मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।
प्राप्त जानकारी के अनुसार, बड़ेडाभा निवासी मनोज पटेल ने पुलिस में शिकायत दर्ज कराई है कि उसकी बहन गायत्री पटेल का वैवाहिक विवाद चल रहा है। इस विवाद के समाधान के लिए समाज के पदाधिकारियों से मध्यस्थता की मांग की गई थी।
आरोप है कि समाज के पदाधिकारी जयदेव पटेल, सुंदरलाल पटेल, सिया पटेल और उद्धव पटेल ने बैठक कराने के नाम पर 6500 रुपए की मांग की, जिसे 27 फरवरी 2024 को दे दिया गया। इसके बावजूद न तो कोई ठोस निर्णय लिया गया और न ही विवाद का समाधान हुआ, बल्कि परिवार को समाज से बहिष्कृत कर दिया गया।
दोबारा पैसे लेकर भी नहीं हुआ समाधान
पीड़ित के अनुसार, बाद में 22 अप्रैल को फिर से 6000 रुपए लेकर सामाजिक बैठक आयोजित की गई, लेकिन इस बार भी कोई निष्कर्ष नहीं निकला। उल्टा परिवार पर 2100 रुपए का दंड लगाया गया और समाज में पुनः शामिल करने के लिए 9500 रुपए की अतिरिक्त मांग की गई।
महासभा सचिव ने दी कानूनी कार्रवाई की सलाह
मामले को लेकर जब प्रार्थी ने सामाजिक महासभा के सचिव दीनबंधु नायक से संपर्क किया, तो उन्होंने बार-बार बैठक के नाम पर पैसे लेने को गलत बताया और कानूनी कार्रवाई करने की सलाह दी।
पुलिस ने दर्ज किया मामला, जांच जारी
पुलिस ने शिकायत के आधार पर चारों आरोपियों के खिलाफ भारतीय न्याय संहिता की धारा 3(5) और 308(2) के तहत अपराध दर्ज कर लिया है। फिलहाल पुलिस पूरे मामले की विस्तृत जांच कर रही है।
