संदिग्ध हालात में नवविवाहिता की मौत, मायके पक्ष ने जताई हत्या की आशंका

एक माह पहले हुई थी शादी, ससुराल में फांसी पर लटकी मिली युवती
महासमुंद। बसना थाना क्षेत्र के ग्राम चपिया में एक नवविवाहिता की संदिग्ध परिस्थितियों में मौत का मामला सामने आया है। मृतका रामकुमारी विश्वकर्मा (19 वर्ष) की शादी को अभी महज एक माह ही हुआ था। युवती का शव उसके ससुराल में फांसी के फंदे पर लटका मिला, जिसे लेकर मायके पक्ष ने गंभीर सवाल उठाए हैं और इसे हत्या की आशंका से जोड़ा है।
जानकारी के अनुसार, ग्राम महाराजी गिरौदपुरी धाम निवासी रामकुमारी की शादी 25 मार्च 2026 को ग्राम चपिया निवासी नारद विश्वकर्मा के साथ हुई थी। शादी के कुछ ही दिनों बाद से रामकुमारी अपने माता-पिता को फोन कर पति के व्यवहार को लेकर शिकायत करने लगी थी।
मृतका ने बताया था कि उसका पति रात में घर नहीं रहता, उससे बातचीत नहीं करता और विरोध करने पर मारपीट करता है। उसने ससुराल में रहने से भी इनकार जताया था।
समझाइश के बाद भी नहीं बदले हालात
बेटी की शिकायत पर पिता जीतराम विश्वकर्मा अपने परिजनों के साथ चपिया पहुंचे थे। इस दौरान दामाद और उसके परिवार को समझाइश दी गई। बताया जा रहा है कि नारद ने अपनी गलती स्वीकार करते हुए सुधार का भरोसा दिया, जिसके बाद परिजन रामकुमारी को समझाकर वापस लौट गए। लेकिन इसके बाद भी मृतका लगातार पति की नशाखोरी, मारपीट और मानसिक प्रताड़ना की शिकायत करती रही।
फांसी की सूचना, अस्पताल में मृत घोषित
घटना वाले दिन सुबह मायके पक्ष को सूचना मिली कि रामकुमारी ने घर के मियार में फांसी लगा ली है। सूचना मिलते ही परिजन तत्काल चपिया पहुंचे, लेकिन उससे पहले ही उसे सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र बसना ले जाया जा चुका था, जहां डॉक्टरों ने उसे मृत घोषित कर दिया। मृतका के परिजनों ने इस घटना को आत्महत्या मानने से इनकार किया है। उनका कहना है कि फांसी के मामलों में शरीर की स्थिति अलग होती है, जबकि इस मामले में परिस्थितियां संदिग्ध नजर आ रही हैं।
परिजनों ने पति पर नशा करने, मारपीट करने और मानसिक रूप से प्रताड़ित करने के गंभीर आरोप लगाए हैं।
पुलिस जांच में जुटी, पोस्टमार्टम रिपोर्ट का इंतजार
घटना की सूचना पर बसना पुलिस ने मर्ग कायम कर जांच शुरू कर दी है। नवविवाहिता की मौत के चलते नायब तहसीलदार प्रकृति सिंह की उपस्थिति में पंचनामा कर शव का पोस्टमार्टम कराया गया।
फिलहाल शव परिजनों को सौंप दिया गया है। यह स्पष्ट नहीं हो पाया है कि मामला आत्महत्या का है या हत्या का। पूरे मामले का खुलासा अब पोस्टमार्टम रिपोर्ट और पुलिस की विस्तृत जांच के बाद ही हो सकेगा।
जांच के बाद ही सामने आएगी सच्चाई
इस घटना ने इलाके में सनसनी फैला दी है। नवविवाहिता की संदिग्ध मौत को लेकर गांव में तरह-तरह की चर्चाएं हो रही हैं। अब सभी की नजर पुलिस जांच और पोस्टमार्टम रिपोर्ट पर टिकी है, जो इस रहस्यमयी मौत से पर्दा उठा सकती है।