कलेक्शन लेने पहुंचे टीम लीडर से मारपीट, दो आरोपियों पर मामला दर्ज
महासमुंद। कलेक्शन का बकाया पैसा लेने ग्राम सानटेमरी पहुंचे एक कंपनी के टीम लीडर और उसके साथियों के साथ मारपीट का मामला सामने आया है। घटना की शिकायत पर सांकरा पुलिस ने दो आरोपियों के खिलाफ विभिन्न धाराओं में मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।
प्रार्थी अमित कुमार चंद्राकर ने पुलिस को बताया कि वह मनबा कंपनी में टीम लीडर के पद पर कार्यरत है। 24 अप्रैल को वह कंपनी के मैनेजर विकास श्रीवास्तव के साथ सांकरा क्षेत्र में कलेक्शन के लिए गया था। इस दौरान ग्राम सानटेमरी निवासी टिकेश्वर मलिक, जो कलेक्शन का काम देखता है, तीन दिन का जमा पैसा कंपनी में जमा न कर अपने पास ही रखे हुए था।
बताया गया कि टिकेश्वर मलिक को कई बार फोन कर सांकरा बुलाया गया, लेकिन वह टालमटोल करता रहा। बाद में उसने स्वयं दोपहर करीब 2 बजे अपने घर सानटेमरी बुलाया। इस पर अमित कुमार, विकास श्रीवास्तव और निरंजन सागर कार से वहां पहुंचे।
प्रार्थी के अनुसार, जैसे ही वे सरीफाबाद मार्ग पर पहुंचे, टिकेश्वर मलिक और समीर नंद ने उन्हें रोक लिया। दोनों ने गाली-गलौज करते हुए जान से मारने की धमकी दी। इसके बाद टिकेश्वर मलिक ने हाथ-मुक्कों से मारपीट की, जबकि समीर नंद ने डंडे से हमला किया।
घटना की रिपोर्ट पर सांकरा पुलिस ने आरोपियों के खिलाफ भारतीय न्याय संहिता की धारा 115(2), 296, 3(5) और 351(2) के तहत अपराध दर्ज कर लिया है। पुलिस मामले की जांच कर रही है।
