भीषण गर्मी का असर: आंगनबाड़ी केंद्रों का समय घटाकर 4 घंटे किया

सुबह 7 से 11 बजे तक होंगे संचालित, बच्चों की उपस्थिति 9 बजे तक, 30 जून तक लागू रहेगा आदेश
महासमुंद। भीषण गर्मी और लू के बढ़ते प्रभाव को गंभीरता से लेते हुए महिला एवं बाल विकास विभाग ने बच्चों के स्वास्थ्य और सुरक्षा को प्राथमिकता देते हुए अहम निर्णय लिया है। महिला एवं बाल विकास मंत्री लक्ष्मी राजवाड़े के निर्देश पर ग्रीष्मकाल के दौरान आंगनबाड़ी केंद्रों के संचालन समय में बदलाव किया गया है।
जारी निर्देशों के अनुसार, 30 जून 2026 तक आंगनबाड़ी केंद्र अब प्रतिदिन सुबह 7 बजे से 11 बजे तक संचालित होंगे। वहीं 23 अप्रैल से 30 जून तक बच्चों की उपस्थिति का समय सुबह 7 बजे से 9 बजे तक निर्धारित किया गया है, ताकि वे तेज गर्मी और लू के प्रभाव से सुरक्षित रह सकें।
इस अवधि के दौरान बच्चों को पूर्व निर्धारित समय-सारिणी के अनुसार प्रारंभिक बाल्यावस्था देखरेख एवं शिक्षा के साथ-साथ पूरक पोषण आहार का वितरण नियमित रूप से किया जाएगा। विभाग ने स्पष्ट किया है कि सेवाओं की गुणवत्ता में किसी प्रकार की कमी नहीं आने दी जाएगी।
आंगनबाड़ी केंद्रों में अन्य आवश्यक सेवाएं सुबह 11 बजे तक जारी रहेंगी। साथ ही बच्चों को सुरक्षित रूप से घर पहुंचाने की जिम्मेदारी सुनिश्चित करने के सख्त निर्देश दिए गए हैं। किसी भी प्रकार की लापरवाही पर संबंधितों की जवाबदेही तय की जाएगी।
विभाग ने सभी जिला अधिकारियों को इन व्यवस्थाओं की सतत निगरानी करने और जिला स्तरीय समीक्षा बैठकों में प्रगति की नियमित समीक्षा करने के निर्देश भी दिए हैं, ताकि आदेशों का प्रभावी क्रियान्वयन सुनिश्चित हो सके। ग्रीष्मकाल समाप्त होने के बाद 1 जुलाई 2026 से आंगनबाड़ी केंद्र पुनः अपने सामान्य समय सुबह 9:30 बजे से दोपहर 3:30 बजे तक (6 घंटे) संचालित होंगे।