सगाई समारोह में युवक से मारपीट, तीन आरोपियों पर केस दर्ज
मोटरसाइकिल में बैठने को लेकर हुआ विवाद, जान से मारने की धमकी देने का भी आरोप
महासमुंद। सरायपाली थाना क्षेत्र के ग्राम मोखापुटका में आयोजित एक सगाई कार्यक्रम के दौरान एक युवक के साथ मारपीट का मामला सामने आया है। पुलिस ने तीन आरोपियों के खिलाफ मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।
प्राप्त जानकारी के अनुसार, आंवलाचक्का निवासी अर्जुन महानंद (19) 22 अप्रैल को संतोष चौहान की सगाई कार्यक्रम में शामिल होने ग्राम मोखापुटका गया था। कार्यक्रम समाप्त होने के बाद शाम करीब 4:30 बजे वह महेत्तर चौहान के घर के सामने खड़ी एक मोटरसाइकिल पर बैठा हुआ था।
इसी दौरान गांव का ही प्रेम चौहान वहां पहुंचा और मोटरसाइकिल में बैठने को लेकर आपत्ति जताते हुए अभद्र भाषा में गाली-गलौज करने लगा। देखते ही देखते विवाद बढ़ गया और प्रेम चौहान ने अर्जुन के साथ हाथ-मुक्कों से मारपीट शुरू कर दी।
आरोप है कि कुछ ही देर में प्रेम चौहान के साथी सफेद और नित्या चौहान भी मौके पर पहुंच गए और तीनों ने मिलकर युवक के साथ मारपीट की। इस दौरान आरोपियों ने जान से मारने की धमकी भी दी। पीड़ित की शिकायत पर सरायपाली पुलिस ने आरोपियों के खिलाफ भारतीय न्याय संहिता (बीएनएस) की धारा 115(2), 296, 3(5) और 351(2) के तहत अपराध दर्ज कर लिया है। मामले की जांच जारी है।
