अवैध खनन पर सख्ती: कलेक्टर के निर्देश पर जिलेभर में कार्रवाई तेज

फर्शी पत्थर खदानों का निरीक्षण, सुरक्षा व्यवस्था और ई-टीपी से पारदर्शी परिवहन करने के निर्देश
महासमुंद। कलेक्टर विनय कुमार लंगेह के निर्देश पर खनिज विभाग द्वारा जिले में खनिजों के अवैध उत्खनन और परिवहन पर प्रभावी नियंत्रण के लिए लगातार कार्रवाई की जा रही है। इसी क्रम में खनिज अमले द्वारा विभिन्न क्षेत्रों में संचालित फर्शी पत्थर खदानों का सघन निरीक्षण किया जा रहा है और संबंधित पट्टेदारों को आवश्यक दिशा-निर्देश दिए जा रहे हैं।
निरीक्षण के दौरान सभी खदान संचालकों को खदान की निर्धारित सीमा को स्पष्ट रूप से प्रदर्शित करने के लिए सीमा स्तंभों का संधारण सुनिश्चित करने के निर्देश दिए गए हैं। साथ ही प्रत्येक खदान में ग्राम, रकबा, खसरा नंबर एवं पट्टा अवधि की जानकारी दर्शाने वाली नाम पट्टिका अनिवार्य रूप से स्थापित करने को कहा गया है।
खनन क्षेत्रों में कार्यरत श्रमिकों की सुरक्षा को प्राथमिकता देते हुए अधिकारियों ने प्राथमिक उपचार, पेयजल एवं अन्य आवश्यक सुविधाओं की समुचित व्यवस्था सुनिश्चित करने के निर्देश भी दिए हैं।
खनिजों के परिवहन को पारदर्शी और नियंत्रित बनाने के लिए शासन के निर्देशानुसार ई-टीपी (इलेक्ट्रॉनिक ट्रांजिट पास) के माध्यम से परिवहन सुनिश्चित करने तथा संबंधित अभिलेखों का नियमित संधारण करने पर जोर दिया गया है।
कलेक्टर विनय कुमार लंगेह ने स्पष्ट निर्देश दिए हैं कि अवैध उत्खनन, परिवहन एवं भंडारण में संलिप्त पाए जाने वाले व्यक्तियों के विरुद्ध सख्त दंडात्मक कार्रवाई की जाएगी। जिले में अवैध खनन गतिविधियों पर प्रभावी नियंत्रण के लिए खनिज विभाग द्वारा विशेष अभियान चलाकर निरंतर जांच और निगरानी जारी रखी जाएगी।