राष्ट्रीय स्कूल क्रिकेट प्रतियोगिता के लिए दो खिलाड़ियों का चयन

आयुष और अनमोल द्विवेदी छत्तीसगढ़ टीम का करेंगे प्रतिनिधित्व, राज्य स्तरीय प्रदर्शन के दम पर मिली जगह
महासमुंद। बागबाहरा के उभरते क्रिकेट खिलाड़ी आयुष द्विवेदी और अनमोल द्विवेदी का चयन राष्ट्रीय स्कूल क्रिकेट प्रतियोगिता के लिए हुआ है। यह प्रतिष्ठित प्रतियोगिता 24 अप्रैल से 1 मई 2026 तक तमिलनाडु में आयोजित की जाएगी, जिसमें दोनों खिलाड़ी छत्तीसगढ़ टीम का प्रतिनिधित्व करेंगे।
दोनों खिलाड़ियों का चयन राज्य स्तरीय क्रिकेट प्रतियोगिता में उनके उत्कृष्ट प्रदर्शन के आधार पर हुआ है। रायपुर संभाग की ओर से खेलते हुए उन्होंने शानदार खेल का प्रदर्शन किया और चयनकर्ताओं का ध्यान अपनी ओर आकर्षित किया।
बस्तर के खिलाफ खेले गए मुकाबले में गेंदबाजों के बेहतरीन प्रदर्शन के चलते विपक्षी टीम मात्र 25 रन पर सिमट गई। इस मैच में आयुष द्विवेदी ने घातक गेंदबाजी करते हुए 3 ओवर में बिना कोई रन दिए 4 विकेट झटके। वहीं लक्ष्य का पीछा करने उतरी रायपुर की ओपनर जोड़ी अनमोल और हर्षित ने मात्र 3 ओवर में बिना विकेट गंवाए टीम को जीत दिला दी।
दुर्ग के खिलाफ मुकाबले में भी आयुष का प्रदर्शन शानदार रहा। उन्होंने 3 ओवर में 12 रन देकर 3 विकेट लिए और दुर्ग की टीम को 50 रन पर रोक दिया। इसके बाद अनमोल और आयुष की जोड़ी ने शानदार बल्लेबाजी करते हुए टीम को 10 विकेट से जीत दिलाई।
मेजबान बिलासपुर के खिलाफ मैच में आयुष ने 3 ओवर में 13 रन देकर 2 विकेट लिए। हालांकि बिलासपुर की टीम ने 128 रन का बड़ा स्कोर खड़ा किया। लक्ष्य का पीछा करते हुए अनमोल ने अच्छी पारी खेली, लेकिन टीम को हार का सामना करना पड़ा।
सरगुजा के खिलाफ अंतिम मुकाबले में आयुष ने एक बार फिर शानदार गेंदबाजी करते हुए 3 ओवर में बिना रन दिए 3 विकेट हासिल किए। हालांकि इस मैच में अनमोल को छोड़कर अन्य बल्लेबाज प्रभाव नहीं छोड़ सके और टीम को हार झेलनी पड़ी। पूरी प्रतियोगिता में आयुष द्विवेदी का प्रदर्शन बेहद शानदार रहा। उन्होंने 4 मैचों में 12 ओवर गेंदबाजी करते हुए मात्र 25 रन देकर 12 विकेट हासिल किए। वहीं अनमोल द्विवेदी ने लगातार प्रभावी बल्लेबाजी कर टीम को मजबूत शुरुआत दिलाने में अहम भूमिका निभाई। दोनों खिलाड़ियों के चयन से क्षेत्र में खुशी का माहौल है और उनके उज्ज्वल भविष्य की कामना की जा रही है।