पशु तस्करी पर बड़ी कार्रवाई
पिकअप में ठूंसकर ले जाए जा रहे 9 बैल मुक्त, एक आरोपी गिरफ्तार, दो फरार
महासमुंद। सिटी कोतवाली पुलिस ने पशु तस्करी के खिलाफ बड़ी कार्रवाई करते हुए एक पिकअप वाहन से अमानवीय तरीके से ले जाए जा रहे 9 बैलों को मुक्त कराया है। पुलिस ने मौके से एक आरोपी को गिरफ्तार किया है, जबकि दो अन्य आरोपी फरार हो गए, जिनकी तलाश जारी है।
पुलिस से मिली जानकारी के अनुसार, मुखबिर से सूचना प्राप्त हुई थी कि एक सफेद रंग की पिकअप वाहन क्रमांक सीजी 04 क्यू एम 7566 में अवैध रूप से कृषक पशुओं को भरकर आरंग से महासमुंद होते हुए ओडिशा के कत्लखाने ले जाया जा रहा है। सूचना पर तत्काल कार्रवाई करते हुए पुलिस टीम ने राष्ट्रीय राजमार्ग 353 स्थित साराडीह मोड़ पर घेराबंदी की।
घेराबंदी के दौरान घोड़ारी की ओर से आ रहे संदिग्ध वाहन को रोका गया। पूछताछ में चालक ने अपना नाम कुलेश्वर पटेल (23), निवासी नांदगांव, महासमुंद बताया। तलाशी लेने पर वाहन में 9 बैलों को बेहद क्रूर तरीके से ठूंसकर भरा हुआ पाया गया।
पुलिस ने तत्काल सभी पशुओं को मुक्त कराते हुए पिकअप वाहन को जब्त कर लिया। आरोपी कुलेश्वर पटेल के खिलाफ छत्तीसगढ़ कृषक पशु परिरक्षण अधिनियम 2004 की धारा 4, 6, 10 एवं पशु क्रूरता निवारण अधिनियम की धारा 11 के तहत अपराध दर्ज कर उसे गिरफ्तार कर लिया गया है।
कार्रवाई के दौरान आरोपी घनश्याम बंजारे (निवासी नांदगांव, महासमुंद) और कोमल सोनवानी (निवासी ओंडका, भिलाई) मौके से फरार हो गए। पुलिस उनकी तलाश में जुटी हुई है। कोतवाली पुलिस का कहना है कि जिले में अवैध पशु परिवहन और तस्करी के खिलाफ लगातार अभियान चलाया जा रहा है और इस तरह की गतिविधियों में संलिप्त लोगों पर सख्त कार्रवाई की जाएगी।
