तेज रफ्तार हाईवा की टक्कर से कार पलटी, दो गंभीर घायल

झलप के पास देर रात हुआ भीषण हादसा, चालक फंसा कार में स्थानीय युवाओं ने बचाई जान
महासमुंद। नेशनल हाईवे पर छिलपावन चौक, झलप के समीप बुधवार-गुरुवार की दरम्यानी रात एक भीषण सड़क हादसा हो गया। तेज रफ्तार हाईवा ने एक कार को इतनी जोरदार टक्कर मारी कि कार अनियंत्रित होकर हवा में उछल गई और डिवाइडर से टकराते हुए सर्विस रोड किनारे पलट गई। हादसे में कार सवार दो लोग गंभीर रूप से घायल हो गए। जानकारी के अनुसार कार क्रमांक पीबी 29 एजी 1662 ओडिशा से रायपुर की ओर जा रही थी। रात करीब 11:40 बजे विपरीत दिशा से आ रहे तेज रफ्तार हाईवा ने उसे अपनी चपेट में ले लिया। टक्कर इतनी जबरदस्त थी कि कार के परखच्चे उड़ गए और उसका अगला हिस्सा पूरी तरह क्षतिग्रस्त हो गया।
हादसे के बाद हाईवा चालक वाहन सहित बागबाहरा की ओर फरार हो गया।
कार में पंजाब के मोगा निवासी रमन और उनका ड्राइवर सवार थे। टक्कर के बाद चालक कार के भीतर ही फंस गया। मौके पर मौजूद स्थानीय युवाओं ने तत्परता और साहस का परिचय देते हुए कार का दरवाजा तोड़कर उसे बाहर निकाला। चालक के हाथ-पैर और पसलियां टूटने की आशंका जताई जा रही है, वहीं रमन के सिर में गंभीर चोटें आई हैं।
मदद के बीच चोरी की वारदात
हादसे के बाद जहां एक ओर लोग घायलों को बचाने में जुटे थे, वहीं दूसरी ओर किसी अज्ञात व्यक्ति ने मौके का फायदा उठाकर रमन का मोबाइल और करीब 10 हजार रुपये नकद पार कर दिए। पुलिस मामले की जांच में जुटी है और फरार हाईवा चालक की तलाश की जा रही है।