तीन माह बाद सड़क हादसे में बस चालक पर एफआईआर
महासमुंद। करीब तीन महीने पहले हुए सड़क हादसे के मामले में अब जाकर पुलिस ने बस चालक के खिलाफ प्रकरण दर्ज किया है। घायल व्यक्ति के उपचार के बाद दी गई रिपोर्ट पर कार्रवाई की गई है। प्रार्थी राजेश कुमार यादव, निवासी वार्ड क्रमांक 10 नवागांव, थाना बागबाहरा ने पुलिस को बताया कि 2 जनवरी 2026 की रात लगभग 8 बजे वह सब्जी मंडी से अपनी बाइक (क्रमांक सीजी 06 जीजेड 9578) से बागबाहरा की ओर जा रहे थे। इसी दौरान बस (क्रमांक ओडी 26 जी 9244) के चालक ने तेज एवं लापरवाहीपूर्वक वाहन चलाते हुए उनकी बाइक को टक्कर मार दी।
हादसे में राजेश कुमार यादव के पैर सहित शरीर के अन्य हिस्सों में गंभीर चोटें आईं। घटना के बाद उन्होंने इलाज कराया और स्वस्थ होने के पश्चात थाने में रिपोर्ट दर्ज कराई। बागबाहरा पुलिस ने आरोपी बस चालक के खिलाफ भारतीय न्याय संहिता (बीएनएस) की धारा 281 और 125(ए) के तहत मामला दर्ज कर लिया है। फिलहाल पुलिस पूरे मामले की जांच में जुटी हुई है। पुलिस का कहना है कि मामले में साक्ष्यों के आधार पर आगे की कार्रवाई की जाएगी।
