रायपुर में आवासीय खेल अकादमी के चयन ट्रायल 28 अप्रैल से शुरू

महासमुंद। रायपुर में संचालित विभागीय आवासीय खेल अकादमी के लिए विभिन्न खेलों के चयन ट्रायल का आयोजन 28 अप्रैल से शुरू होगा। यह चयन प्रक्रिया दो चरणों में आयोजित की जाएगी, जिसमें राज्य सहित अन्य राज्यों के खिलाड़ी भी हिस्सा ले सकेंगे।
पहले चरण में 28 एवं 29 अप्रैल को तीरंदाजी (बालक/बालिका), फुटबॉल (बालिका) एवं वेटलिफ्टिंग (बालक/बालिका) के ट्रायल आयोजित किए जाएंगे। वहीं दूसरे चरण में 30 अप्रैल से 01 मई को हॉकी (बालक/बालिका) एवं एथलेटिक्स (बालक/बालिका) के चयन ट्रायल होंगे।
13 से 17 आयु वर्ग के खिलाड़ी ले सकेंगे भाग
चयन ट्रायल में 13 से 17 वर्ष आयु वर्ग के बालक एवं बालिका खिलाड़ी शामिल हो सकते हैं। इसमें छत्तीसगढ़ सहित अन्य राज्यों के खिलाड़ी भी पात्र होंगे। ट्रायल के प्रथम दिवस खिलाड़ियों का पंजीयन, दस्तावेज सत्यापन, चिकित्सकीय परीक्षण एवं शारीरिक दक्षता परीक्षण किया जाएगा।
द्वितीय दिवस संबंधित खेलों के अनुसार कौशल परीक्षण आयोजित होगा।
इन स्थानों पर होंगे ट्रायल
पंजीयन एवं फिटनेस टेस्ट स्वामी विवेकानंद स्टेडियम, कोटा (रायपुर), तीरंदाजी एरिना, बालिका खेल छात्रावास के सामने मैदान,
हॉकी सरदार वल्लभभाई पटेल अंतर्राष्ट्रीय हॉकी स्टेडियम, पिच-02, फुटबॉल, एथलेटिक्स एवं वेटलिफ्टिंग स्वामी विवेकानंद स्टेडियम कोटा में होगा।
चयनित खिलाड़ियों को मिलेंगी मुफ्त सुविधाएं
उत्कृष्ट प्रदर्शन के आधार पर चयन समिति द्वारा खिलाड़ियों का चयन किया जाएगा। चयनित खिलाड़ियों को शासन की ओर से निःशुल्क आवास, भोजन, शिक्षा, खेल परिधान, प्लेइंग किट तथा दुर्घटना बीमा जैसी सुविधाएं प्रदान की जाएंगी।
इच्छुक खिलाड़ी खेल एवं युवा कल्याण विभाग के जिला कार्यालय से संपर्क कर सकते हैं। इसके अलावा खिलाड़ी सीधे आयोजन के पहले दिन सुबह 7 बजे से स्वामी विवेकानंद स्टेडियम, कोटा (रायपुर) पहुंचकर पंजीयन कर ट्रायल में भाग ले सकते हैं।