चलती कार में लगी आग, चालक सुरक्षित बचा
महासमुंद। जिले के सरायपाली स्थित गुरु नानक चौक, पदमपुर रोड पर गुरुवार को एक चलती कार में अचानक आग लग गई। देखते ही देखते आग ने विकराल रूप ले लिया और पूरी कार जलकर खाक हो गई।
प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार, कार से धुआं उठता देख चालक ने तुरंत वाहन रोका और कूदकर अपनी जान बचाई। कुछ ही पलों में आग इतनी तेजी से फैली कि पूरी कार उसकी चपेट में आ गई। घटना की सूचना मिलते ही पुलिस टीम मौके पर पहुंची और स्थिति को संभाला। नगर पालिका की दमकल वाहन ने भी मौके पर पहुंचकर कड़ी मशक्कत के बाद आग पर काबू पाया। हालांकि, तब तक कार पूरी तरह जल चुकी थी। इस घटना से आसपास के दुकानदारों और राहगीरों में अफरा-तफरी मच गई। लोग अपनी दुकानों से बाहर निकल आए और मौके पर भीड़ जमा हो गई।
प्रारंभिक जांच में आग लगने का कारण शॉर्ट सर्किट बताया जा रहा है। पुलिस मामले की विस्तृत जांच कर रही है। इस घटना में कोई जनहानि नहीं हुई है, लेकिन वाहन पूरी तरह नष्ट हो गया है।
