रविवार को होगी मंडी बोर्ड उप निरीक्षक भर्ती परीक्षा

19 केंद्रों पर 4917 परीक्षार्थी होंगे शामिल, सख्त दिशा-निर्देश जारी
महासमुंद। छत्तीसगढ़ व्यावसायिक परीक्षा मंडल, रायपुर द्वारा आयोजित छत्तीसगढ़ राज्य कृषि विपणन (मंडी) बोर्ड अंतर्गत उप निरीक्षक भर्ती परीक्षा का आयोजन रविवार 26 अप्रैल को महासमुंद जिले में किया जाएगा। परीक्षा एक ही पाली में सुबह 10 बजे से दोपहर 12:15 बजे तक संपन्न होगी।
परीक्षा को सुव्यवस्थित और निष्पक्ष ढंग से आयोजित करने के लिए व्यापम द्वारा विस्तृत दिशा-निर्देश जारी किए गए हैं। अभ्यर्थियों को परीक्षा प्रारंभ होने से कम से कम दो घंटे पहले केंद्र पहुंचना अनिवार्य किया गया है। परीक्षा केंद्र का मुख्य द्वार सुबह 9:30 बजे बंद कर दिया जाएगा, इसके बाद किसी भी परीक्षार्थी को प्रवेश नहीं मिलेगा।
फ्रिस्किंग और पहचान पत्र अनिवार्य
परीक्षा केंद्र में प्रवेश से पहले सभी अभ्यर्थियों की फ्रिस्किंग (सुरक्षा जांच) की जाएगी तथा फोटो युक्त मूल पहचान पत्र से सत्यापन किया जाएगा। बिना वैध पहचान पत्र के प्रवेश नहीं दिया जाएगा।
ड्रेस कोड लागू, केवल चप्पल की अनुमति
निर्देशों के अनुसार परीक्षार्थियों को हल्के रंग के आधी बांह वाले कपड़े पहनकर आना होगा। काले, गहरे नीले, हरे, जामुनी या मैरून जैसे गहरे रंग के कपड़ों पर प्रतिबंध रहेगा। धार्मिक या सांस्कृतिक वेशभूषा में आने वाले अभ्यर्थियों को अतिरिक्त समय पहले पहुंचना होगा। फुटवियर में केवल चप्पल की अनुमति दी गई है, जबकि किसी भी प्रकार के आभूषण पहनना वर्जित रहेगा।
मोबाइल, घड़ी समेत सभी इलेक्ट्रॉनिक वस्तुएं प्रतिबंधित
परीक्षा कक्ष में मोबाइल, घड़ी, पर्स, बेल्ट, टोपी और अन्य इलेक्ट्रॉनिक उपकरण पूरी तरह प्रतिबंधित रहेंगे। उल्लंघन करने पर सख्त कार्रवाई की जाएगी। अभ्यर्थियों को अपने प्रवेश पत्र का एक तरफ प्रिंट लाना होगा, जिसकी एक प्रति परीक्षा केंद्र में जमा की जाएगी। साथ ही परीक्षा में केवल काले या नीले बॉल प्वाइंट पेन का ही उपयोग करना अनिवार्य होगा।
नियम तोड़ने पर परीक्षा से वंचित होने का खतरा
परीक्षा शुरू होने से आधा घंटा पहले और समाप्ति के अंतिम आधे घंटे में परीक्षा कक्ष से बाहर जाने की अनुमति नहीं होगी। अनुचित साधनों के उपयोग पर अभ्यर्थिता समाप्त करने की चेतावनी दी गई है।
जिला प्रशासन ने सभी अभ्यर्थियों से अपील की है कि वे समय पर परीक्षा केंद्र पहुंचें और जारी सभी दिशा-निर्देशों का कड़ाई से पालन करें, ताकि परीक्षा शांतिपूर्ण एवं व्यवस्थित ढंग से संपन्न हो सके।