जनगणना कार्य में लगे अधिकारियों -कर्मचारियों के अवकाश पर रोक

01 मई से 30 मई तक चलेगा मकान सूचीकरण एवं गणना कार्य
महासमुंद। भारत सरकार, गृह मंत्रालय के अंतर्गत जनगणना कार्य निदेशालय छत्तीसगढ़ के निर्देशानुसार जनगणना 2027 के प्रथम चरण की शुरुआत 01 मई 2026 से होने जा रही है। इस चरण में मकान सूचीकरण एवं मकानों की गणना का कार्य 30 मई 2026 तक किया जाएगा।
इस महत्वपूर्ण राष्ट्रीय कार्य को समयबद्ध एवं व्यवस्थित रूप से संपन्न कराने के लिए कलेक्टर एवं प्रमुख जिला जनगणना अधिकारी विनय कुमार लंगेह ने जिले के सभी अधिकारी एवं कर्मचारियों के अवकाश पर प्रतिबंध लगाने के आदेश जारी किए हैं।
बिना अनुमति अवकाश नहीं, मुख्यालय छोड़ने पर भी रोक
जारी निर्देशों के अनुसार जनगणना कार्य में लगे किसी भी अधिकारी या कर्मचारी को कलेक्टर की पूर्व अनुमति के बिना अवकाश नहीं दिया जाएगा। साथ ही बिना पूर्व स्वीकृति के कोई भी अधिकारी या कर्मचारी मुख्यालय नहीं छोड़ सकेगा।
विशेष परिस्थिति में ही मिलेगा अवकाश
विशेष परिस्थितियों में अवकाश के लिए आवेदन जिला जनगणना शाखा के माध्यम से प्रस्तुत करना अनिवार्य किया गया है। आवेदन के परीक्षण के बाद ही अवकाश स्वीकृत किया जाएगा।
पूर्व स्वीकृत अवकाश भी होंगे पुनः अनुमोदित
आदेश में यह भी स्पष्ट किया गया है कि पहले से स्वीकृत अवकाश के मामलों में भी संबंधित अधिकारी-कर्मचारी को पुनः आवेदन कर कलेक्टर एवं प्रमुख जिला जनगणना अधिकारी से अनुमति लेना आवश्यक होगा, अन्यथा अवकाश मान्य नहीं होगा।
उल्लंघन पर होगी कार्रवाई
कलेक्टर ने सभी कार्यालय प्रमुखों को निर्देशित किया है कि आदेश का कड़ाई से पालन सुनिश्चित करें। किसी भी प्रकार की लापरवाही या उल्लंघन की स्थिति में संबंधित के खिलाफ नियमानुसार कार्रवाई की जाएगी।
यह आदेश तत्काल प्रभाव से लागू कर दिया गया है, जिससे जनगणना 2027 के प्रथम चरण को सफलतापूर्वक पूरा किया जा सके।