हाईवा से टकराया ट्रक, चालक घायल

महासमुंद। जिले के सांकरा थाना क्षेत्र में एक सड़क हादसे में ट्रक क्षतिग्रस्त हो गया और चालक घायल हो गया। यह दुर्घटना ग्राम बल्दीडीह के पास नेशनल हाईवे-53 पर हुई।
पुलिस से मिली जानकारी के अनुसार, ट्रक क्रमांक सीजी 04 क्यूडी 4225 का चालक संजय अग्रवाल 20 अप्रैल को कोयला लेकर रायगढ़ से रायपुर के लिए रवाना हुआ था। 21 अप्रैल की रात करीब 02:30 बजे ग्राम बल्दीडीह, सांकरा के पास एनएच-53 पर एक हाईवा (क्रमांक सीजी 04 एनयू 2465) बिना किसी संकेतक के खड़ा था।
पीछे से टकराया ट्रक, आगे का हिस्सा क्षतिग्रस्त
अंधेरे और संकेतक के अभाव में ट्रक सीधे खड़े हाईवा से जा टकराया। टक्कर इतनी जोरदार थी कि ट्रक का अगला हिस्सा बुरी तरह क्षतिग्रस्त हो गया। हादसे में ट्रक चालक के पैर में चोट आई है।
आरोपी चालक पर मामला दर्ज
घटना की रिपोर्ट के आधार पर पुलिस ने हाईवा चालक के खिलाफ भारतीय न्याय संहिता (बीएनएस) की धारा 125(ए) और 285 के तहत मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।