मेड़ पर मिली 23 वर्षीय युवती की लाश
सुरंगी नाला के पास इमली के पेड़ के नीचे मिला शव
फंदा टूटने से जमीन पर गिरा, पुलिस कर रही जांच
महासमुंद। बसना थाना क्षेत्र के ग्राम पीपलखुंटा में उस समय सनसनी फैल गई जब खेत की मेड़ पर एक 23 वर्षीय युवती का शव बरामद हुआ। यह घटना पीपलखुंटा – सोनामुंदी मार्ग स्थित सुरंगी नाला के समीप की है, जहां धान के खेत के बीच इमली के पेड़ के नीचे युवती की लाश पड़ी मिली।
प्रारंभिक जांच में पुलिस ने मामला आत्महत्या का बताया है। आशंका है कि युवती ने अज्ञात कारणों से फांसी लगाकर जान दी, लेकिन फंदा टूट जाने के कारण शव जमीन पर गिर गया, जिससे मामला संदिग्ध नजर आ रहा है।
सुबह खेत जाते समय दिखा शव
जानकारी के अनुसार, ग्राम पीपलखुंटा निवासी रोहित सिदार सुबह अपने खेत की ओर जा रहा था। इसी दौरान उसकी नजर इमली के पेड़ के नीचे पड़े शव पर पड़ी। उसने तुरंत ग्राम सरपंच श्रीकांत पटेल और बसना थाना पुलिस को सूचना दी।
मृतका की पहचान, परिजनों में मचा कोहराम
मौके पर पहुंची पुलिस ने शव की पहचान ग्राम छोटे पटनी निवासी कुमारी तारा निषाद (23) के रूप में की। सूचना मिलते ही परिजन मौके पर पहुंचे और शिनाख्त की पुष्टि की। घटना की खबर से परिवार में मातम पसर गया।
एक दिन पहले से थी लापता
परिजनों ने बताया कि तारा निषाद 12वीं तक शिक्षित थी और पिछले एक वर्ष से घर पर ही रह रही थी। वह 21 अप्रैल की दोपहर करीब 1 बजे से लापता थी। देर शाम तक घर नहीं लौटने पर परिजनों ने गांव और रिश्तेदारों के यहां उसकी तलाश की, लेकिन कोई जानकारी नहीं मिल पाई।
अधसड़ी साड़ी से बनाया फंदा, टूटने से गिरा शव
घटनास्थल की स्थिति को देखते हुए आशंका जताई जा रही है कि युवती ने नाला किनारे पड़ी अधसड़ी साड़ी को फंदा बनाकर इमली के पेड़ पर चढ़कर आत्महत्या की। फंदा कमजोर होने के कारण टूट गया और शव नीचे गिर गया।
जांच जारी, कारणों का नहीं हुआ खुलासा
बसना पुलिस ने पोस्टमार्टम के बाद शव परिजनों को सौंप दिया है। मामले में मर्ग कायम कर लिया गया है और आत्महत्या के कारणों की जांच की जा रही है। पुलिस सभी पहलुओं को ध्यान में रखते हुए मामले की पड़ताल कर रही है।
