जमीन विवाद में बड़े भाई की जिंदा जलाकर हत्या
छोटे भाई ने धान से भरे कमरे में बंद कर पेट्रोल डाल लगाई आग, मौके पर ही मौत
शादी की तैयारी कर रहा था मृतक, पुलिस ने आरोपी को लिया हिरासत में
महासमुंद। जिले के बागबाहरा थाना क्षेत्र अंतर्गत ग्राम आमगांव में जमीन बंटवारे को लेकर चल रहे पारिवारिक विवाद ने खौफनाक रूप ले लिया। मंगलवार देर शाम छोटे भाई ने अपने ही बड़े भाई को धान से भरे कमरे में बंद कर पेट्रोल डालकर जिंदा जला दिया, जिससे उसकी मौके पर ही मौत हो गई। मामले में पुलिस ने मर्ग कायम कर जांच शुरू कर दी है।
पुलिस के अनुसार, मरार कसहीबाहरा निवासी मालती साहू ने रिपोर्ट दर्ज कराई है कि कृष्णकांत दुबे का अपने परिवार के साथ पैतृक जमीन के बंटवारे को लेकर लंबे समय से विवाद चल रहा था। मंगलवार को कृष्णकांत दुबे, मालती साहू के साथ आमगांव पहुंचे थे, जहां उन्होंने अपने छोटे भाई दौलत दुबे से जमीन बंटवारे की बात की।
इसी दौरान दोनों भाइयों के बीच विवाद इतना बढ़ गया कि मामला मारपीट तक पहुंच गया। दौलत दुबे के हमले से कृष्णकांत घायल हो गया। उसे बचाने के लिए मालती साहू गांव में मदद लेने दौड़ीं, लेकिन जब तक वह वापस लौटीं, तब तक आरोपी ने घायल कृष्णकांत को धान की कोठी में बंद कर उस पर पेट्रोल छिड़ककर आग लगा दी थी।
घटना की सूचना मिलते ही दमकल की टीम मौके पर पहुंची, लेकिन आग पर काबू पाने तक कृष्णकांत बुरी तरह झुलस चुके थे और उनकी मौके पर ही मौत हो गई।
रिपोर्ट के अनुसार, मालती साहू ने पुलिस को बताया कि करीब 10 महीने पहले उनकी मुलाकात कृष्णकांत दुबे से हुई थी। इसके बाद दोनों रायपुर में पति-पत्नी की तरह साथ रह रहे थे और जल्द ही शादी करने वाले थे। कृष्णकांत ने बताया था कि उसकी पैतृक जमीन आमगांव में है, जहां उसकी मां तीरथ दुबे और छोटा भाई दौलत दुबे रहते हैं।
एएसपी प्रतिभा पाण्डेय ने बताया कि मामले में मर्ग कायम कर आरोपी दौलत दुबे को हिरासत में लेकर पूछताछ की जा रही है। पुलिस पूरे मामले की गंभीरता से जांच कर रही है।
