आंगनबाड़ी सहायिका पद हेतु आवेदन 23 तक
बेमेतरा 08 अप्रैल 2026/- कार्यालय परियोजना अधिकारी, एकीकृत बाल विकास परियोजना बेमेतरा द्वारा आंगनबाड़ी केंद्रों में रिक्त आंगनबाड़ी सहायिका पदों पर भर्ती हेतु आवेदन आमंत्रित किए गए हैं। यह भर्ती छत्तीसगढ़ शासन, महिला एवं बाल विकास विभाग के निर्धारित नियमों एवं दिशा-निर्देशों के अनुसार की जाएगी। इच्छुक एवं पात्र महिला अभ्यर्थी निर्धारित तिथि तक ऑनलाइन आवेदन कर सकती हैं। जारी विज्ञापन के अनुसार नगर पालिका बेमेतरा अंतर्गत वार्ड क्रमांक 08 (कोदवा/ओमकार्ड वार्ड) में आंगनबाड़ी सहायिका का एक पद रिक्त है, जिसके लिए आवेदन आमंत्रित किए गए हैं। आवेदन की प्रक्रिया पूरी तरह ऑनलाइन रखी गई है, जिसके लिए अभ्यर्थियों को विभागीय पोर्टल https://www.e-bharti.in/ के माध्यम से पंजीयन कर आवेदन करना होगा। आवेदन करने की अंतिम तिथि 23 अप्रैल 2026 निर्धारित की गई है।
निर्धारित कार्यक्रम के तहत प्राप्त आवेदनों की जांच, सत्यापन एवं चयन प्रक्रिया विभागीय दिशा-निर्देशों के अनुसार की जाएगी। अंतिम चयन सूची जारी होने के पश्चात ही अभ्यर्थियों को नियुक्ति दी जाएगी। आंगनबाड़ी सहायिका पद के लिए अभ्यर्थी का संबंधित ग्राम/वार्ड का स्थानीय निवासी होना अनिवार्य है। केवल महिलाओं को ही इस पद हेतु पात्र माना गया है। आवेदिका की अधिकतम आयु सीमा 44 वर्ष निर्धारित की गई है, जबकि विधवा, परित्यक्ता अथवा अन्य विशेष श्रेणी की महिलाओं को नियमानुसार आयु में छूट प्रदान की जाएगी। शैक्षणिक योग्यता के रूप में न्यूनतम 8वीं कक्षा उत्तीर्ण होना आवश्यक है। यदि योग्य अभ्यर्थी उपलब्ध नहीं होते हैं, तो शिथिल मानदंड के तहत 5वीं पास अभ्यर्थियों पर भी विचार किया जा सकता है।
वरीयता एवं अतिरिक्त अंक
चयन प्रक्रिया में अनुभव, गरीबी रेखा से नीचे जीवन यापन करने वाले परिवार, अनुसूचित जाति/जनजाति वर्ग, विधवा, परित्यक्ता एवं तलाकशुदा महिलाओं को नियमानुसार अतिरिक्त अंक प्रदान किए जाएंगे। इसके अलावा संबंधित क्षेत्र में निवास एवं अन्य आवश्यक प्रमाण पत्रों का सत्यापन अनिवार्य होगा।
आवश्यक दस्तावेज
आवेदन के साथ अभ्यर्थियों को शैक्षणिक प्रमाण पत्र, निवास प्रमाण पत्र, जाति प्रमाण पत्र (यदि लागू हो), गरीबी रेखा संबंधी प्रमाण पत्र एवं अन्य आवश्यक दस्तावेज संलग्न करना होगा। सभी दस्तावेज स्वप्रमाणित होना अनिवार्य है।प्राप्त आवेदनों का परीक्षण कर पात्र अभ्यर्थियों की सूची तैयार की जाएगी। इसके पश्चात दावा-आपत्ति आमंत्रित कर उनका निराकरण किया जाएगा तथा अंतिम चयन सूची जारी की जाएगी। चयन पूरी तरह मेरिट एवं निर्धारित मानदंडों के आधार पर किया जाएगा।
अधिकारियों ने स्पष्ट किया है कि अंतिम तिथि के पश्चात प्राप्त आवेदनों पर कोई विचार नहीं किया जाएगा। साथ ही आवेदन पत्र में किसी भी प्रकार की त्रुटि या गलत जानकारी पाए जाने पर अभ्यर्थी की उम्मीदवारी निरस्त कर दी जाएगी। इच्छुक अभ्यर्थियों से अपील की गई है कि वे समय सीमा के भीतर आवेदन कर आवश्यक प्रक्रिया पूर्ण करें, ताकि चयन प्रक्रिया में सम्मिलित हो सकें।
