गलत दिशा से आई तेज रफ्तार बाइक बनी काल, आमने-सामने टक्कर में युवक की मौत, दंपति घायल
राष्ट्रीय राजमार्ग-53 पर सिंघनपुर के पास हादसा, मृतक हाल ही में तमिलनाडु से लौटा था
महासमुंद। राष्ट्रीय राजमार्ग-53 स्थित ग्राम सिंघनपुर के पास मंगलवार सुबह एक भीषण सड़क हादसा हो गया, जिसमें गलत दिशा से आ रही तेज रफ्तार बाइक ने सामने से आ रहे दंपति की बाइक को जोरदार टक्कर मार दी। हादसे में एक युवक की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि पति-पत्नी घायल हो गए।
मिली जानकारी के अनुसार ग्राम दर्राभाठा निवासी भोला कुर्रे (27) अपनी पत्नी सुनीता कुर्रे (24) के साथ बाइक से सरायपाली से बसना की ओर जा रहे थे। इसी दौरान बैगनडीह मार्ग के पास सिंघनपुर की ओर से गलत दिशा में तेज रफ्तार से आ रहे केहरपुर (बम्हनी) निवासी हितेश कुंवर (27) ने उनकी बाइक को सामने से टक्कर मार दी।
टक्कर इतनी जबरदस्त थी कि तीनों सड़क पर गिर पड़े। स्थानीय लोगों की मदद से घायलों को सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र बसना ले जाया गया, जहां डॉक्टरों ने परीक्षण के बाद हितेश कुंवर को मृत घोषित कर दिया। वहीं घायल भोला कुर्रे और उनकी पत्नी सुनीता का प्राथमिक उपचार किया गया। बाद में परिजन दोनों को आगे इलाज के लिए निजी अस्पताल ले गए, जहां भोला का एक्स-रे कराया गया। इसके बाद परिजन उन्हें घर ले गए।
घटना की सूचना मिलते ही बसना पुलिस मौके पर पहुंची और मर्ग कायम कर शव का पोस्टमार्टम कराकर परिजनों को सौंप दिया। बताया जा रहा है कि मृतक हितेश कुंवर कुछ दिन पहले ही तमिलनाडु से अपने घर लौटा था। फिलहाल पुलिस पूरे मामले की जांच में जुटी हुई है।
