भाजपा का स्थापना दिवस धूमधाम से मनाया, विधायक ने कार्यकर्ताओं में भरा उत्साह

महासमुंद। भारतीय जनता पार्टी के 47वें स्थापना दिवस के अवसर पर पश्चिम बंगाल के बोलपुर में भव्य कार्यक्रम का आयोजन किया गया, जिसमें महासमुंद विधायक योगेश्वर राजू सिन्हा विशेष रूप से शामिल हुए। विधानसभा चुनाव के मद्देनजर अपने प्रभार क्षेत्र बोलपुर में सक्रिय विधायक सिन्हा ने इस मौके पर पार्टी कार्यकर्ताओं के साथ उत्साहपूर्वक भागीदारी निभाई।
कार्यक्रम के दौरान भाजपा का ध्वज फहराया गया और उपस्थित कार्यकर्ताओं एवं पदाधिकारियों ने एक-दूसरे को स्थापना दिवस की शुभकामनाएं दीं। इस अवसर पर नेताओं ने कार्यकर्ताओं को संबोधित करते हुए संगठन की मजबूती और आगामी चुनावों में जीत के संकल्प को दोहराया।
विधायक योगेश्वर राजू सिन्हा ने अपने संबोधन में कहा कि भारतीय जनता पार्टी दुनिया की सबसे बड़ी राजनीतिक पार्टी है, जिसकी नींव 1980 में रखी गई थी। उन्होंने बताया कि पार्टी की जड़ें भारतीय जनसंघ से जुड़ी हैं, जिसकी स्थापना 1951 में डॉ. श्यामा प्रसाद मुखर्जी ने की थी। उन्होंने पार्टी के मूल सिद्धांत ‘सांस्कृतिक राष्ट्रवाद’ और ‘विकास’ को इसकी सबसे बड़ी ताकत बताया। उन्होंने कहा कि जनसंघ से लेकर आज तक का सफर लाखों कार्यकर्ताओं के त्याग, तपस्या और समर्पण का परिणाम है। ‘अंत्योदय’ के विचार को आगे बढ़ाते हुए प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में देश निरंतर विकास की दिशा में अग्रसर है। विधायक सिन्हा ने सभी कार्यकर्ताओं से आह्वान किया कि वे ‘राष्ट्र सर्वोपरि’ के संकल्प को दोहराते हुए ‘विकसित भारत’ के निर्माण में अपनी पूरी ऊर्जा के साथ जुटें। इस अवसर पर जिला अध्यक्ष श्याम दादा, जिला महामंत्री विकास मिश्रा, विधायक प्रत्याशी दिलीप कुमार घोष, मंडल अध्यक्ष कंचन घोष, वरिष्ठ भाजपा नेता संदीप घोष सहित बड़ी संख्या में पदाधिकारी और कार्यकर्ता उपस्थित रहे।