एनीकट में मछली पकड़ने गया नवविवाहित युवक तेज बहाव में बहा, दूसरे दिन एक किमी दूर मिला शव
गोपालपुरा एनीकट में हादसा, बचाने की कोशिश नाकाम; जलस्तर कम होने पर नगर सेना ने चलाया रेस्क्यू अभियान, फरवरी में हुई थी शादी
महासमुंद। जिले के तुमगांव थाना क्षेत्र के ग्राम गोपालपुरा स्थित एनीकट में मछली पकड़ने के दौरान तेज बहाव में बहे 21 वर्षीय युवक का शव मंगलवार सुबह घटनास्थल से करीब एक किलोमीटर दूर बरामद किया गया। नगर सेना की रेस्क्यू टीम ने जलस्तर कम होने के बाद खोजबीन शुरू की, जिसके बाद शव मिला। पुलिस ने पंचनामा कार्रवाई के बाद शव को पोस्टमार्टम के लिए तुमगांव सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र भेजा। बाद शव परिजनों को सौंपा दिया है।
जानकारी के अनुसार ग्राम गोपालपुरा निवासी रामेश्वर निषाद (21 वर्ष), पिता दसरू निषाद सोमवार दोपहर करीब दो बजे घर से बिना बताए निकला था। वह नेशनल हाईवे-53 पार कर बालिका छात्रावास के पीछे स्थित गोपालपुरा एनीकट में मछली पकड़ने गया था। पिछले तीन दिनों से लगातार हो रही बारिश के कारण एनीकट में पानी का बहाव काफी तेज था। इसके बावजूद रामेश्वर एनीकट पार कर दूसरी ओर जाने का प्रयास करने लगा। इसी दौरान उसका पैर फिसल गया और वह तेज धारा में बह गया।
घटना के समय एनीकट के दूसरी ओर मौजूद तिरथ निषाद ने लकड़ी का सहारा देकर उसे बचाने का प्रयास किया, लेकिन पानी का बहाव इतना तेज था कि वह सफल नहीं हो सके। देखते ही देखते रामेश्वर तेज धारा में ओझल हो गया। घटना के बाद मौके पर मौजूद ग्रामीणों ने शोर मचाया और तत्काल पुलिस को सूचना दी।
सूचना मिलते ही तुमगांव पुलिस टिकाराम सारथी के नेतृत्व में नगर सेना की रेस्क्यू टीम मौके पर पहुंची। हालांकि पानी का दबाव और बहाव अत्यधिक होने के कारण सुरक्षा की दृष्टि से तत्काल रेस्क्यू अभियान शुरू नहीं किया जा सका।
मंगलवार सुबह एनीकट का गेट बंद कर जलस्तर कम किया गया। इसके बाद नगर सेना की टीम ने दोबारा सर्च ऑपरेशन शुरू किया। सुबह करीब साढ़े नौ बजे एनीकट से लगभग एक किलोमीटर दूर रामेश्वर का शव बरामद कर लिया गया। पुलिस ने शव को पोस्टमार्टम के लिए सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र तुमगांव भेजा गया। पीएम के बाद शव को परिजनों को सौंपा दिया गया।
फरवरी में हुई थी शादी, परिवार पर टूटा दुखों का पहाड़
परिजनों ने बताया कि रामेश्वर निषाद की शादी इसी वर्ष फरवरी में हुई थी। वह चार बहनों और तीन भाइयों के परिवार में छठे नंबर का था। उसकी असमय मौत से नवविवाहिता पत्नी, माता-पिता और पूरे परिवार का रो-रोकर बुरा हाल है। घटना के बाद पूरे गोपालपुरा गांव में शोक की लहर है।
बारिश के दौरान एनीकट और नदी-नालों से दूर रहने की अपील
लगातार बारिश के कारण जिले के नदी-नाले और एनीकट उफान पर हैं। ऐसे में प्रशासन ने लोगों से तेज बहाव वाले क्षेत्रों में जाने और जोखिम उठाकर नदी या एनीकट पार करने से बचने की अपील की है, ताकि इस तरह की दुखद घटनाओं से बचा जा सके।
