जिला कांग्रेस में बड़ी कार्रवाई: मारपीट व तोड़फोड़ के आरोप में उपाध्यक्ष 6 साल के लिए निष्कासित

महासमुंद। जिला कांग्रेस कमेटी में अनुशासनहीनता के मामले में सख्त कदम उठाते हुए अध्यक्ष एवं खल्लारी विधायक द्वारिकाधीश यादव ने बड़ी कार्रवाई की है। पार्टी के निर्देशों के तहत संगठन में अनुशासन बनाए रखने के उद्देश्य से यह निर्णय लिया गया।
जानकारी के अनुसार, 02 अप्रैल 2026 को जिला कांग्रेस कार्यालय परिसर में पार्टी पदाधिकारी विजय साव द्वारा मारपीट, तोड़फोड़ और गंभीर अनुशासनहीनता की घटना सामने आई थी। इस घटना को पार्टी की विचारधारा और संगठनात्मक मर्यादाओं के खिलाफ माना गया, जिससे संगठन की छवि को भी नुकसान पहुंचा।
मामले में संबंधित पदाधिकारी को स्पष्टीकरण देने का अवसर दिया गया, लेकिन तय समय सीमा में कोई जवाब प्रस्तुत नहीं किया गया। इसके बाद प्राप्त शिकायतों और तथ्यों पर विचार करते हुए जिला कांग्रेस कमेटी ने कड़ा फैसला लेते हुए विजय साव को कांग्रेस पार्टी की प्राथमिक सदस्यता से 6 वर्षों के लिए तत्काल प्रभाव से निष्कासित कर दिया।
आदेश जारी होने के बाद अब संबंधित व्यक्ति पार्टी के किसी भी पद, मंच या गतिविधि से जुड़े नहीं रहेंगे। जिला कांग्रेस कमेटी ने स्पष्ट किया है कि संगठन में अनुशासन सर्वोपरि है और किसी भी प्रकार की अनुशासनहीनता को किसी भी हाल में बर्दाश्त नहीं किया जाएगा।