दो लग्ज़री कार से 1.51 करोड़ का 303.9 किलो गांजा जब्त, महाराष्ट्र और ओडिशा के 7 तस्कर गिरफ्तार

महासमुंद। एंटी नारकोटिक टास्क फोर्स और सिंघोड़ा और महासमुंद पुलिस की संयुक्त टीम ने कार्रवाई करते हुए करीब 1 करोड़ 51 लाख रुपये कीमत का 303.900 किलोग्राम गांजा जब्त किया है। इस मामले में महाराष्ट्र के 5 और ओडिशा के 2 तस्करों को गिरफ्तार किया गया है।
पुलिस को सूचना मिली थी कि ओडिशा के फूलबानी जिले से गांजा लेकर महाराष्ट्र के पुणे ले जाया जा रहा है। सूचना के आधार पर एनएच-53 स्थित रेहटीखोल के पास नाकाबंदी की गई। कुछ ही देर में संदिग्ध फार्च्यूनर एम एच 12 डब्ल्यू सी 0090 और स्कॉर्पियो एम एच 12 वाई एच 0090 को रोका गया। इन वाहनों में महाराष्ट्र सतरा का प्रशांत शंकर गोली (38), क्षितिज वीर सेन (21), अक्षय नंदकुमार निगम (27), अभिषेक डेविड जगले (26) और महेश काटकर (39) सवार थे। पुलिस तलाशी लेने पर दोनों वाहनों में बोरियों में भरा गांजा बरामद हुआ।
पुलिस ने मौके से 5 आरोपियों को गिरफ्तार किया, जो सभी महाराष्ट्र के निवासी हैं। पूछताछ में आरोपियों ने बताया कि वे गांजा ओडिशा से पुणे ले जाने की योजना में शामिल थे।
कार्रवाई के दौरान पुलिस ने गांजा के अलावा तस्करी में प्रयुक्त दो वाहन फार्च्यूनर (कीमत 40 लाख रुपये) और स्कॉर्पियो (कीमत 25 लाख रुपये), साथ ही 4 मोबाइल फोन भी जब्त किए। कुल जब्त संपत्ति की कीमत 2 करोड़ 6 लाख 45 हजार रुपये आंकी गई है।
आरोपियों के खिलाफ एनडीपीएस एक्ट की धाराओं के तहत अपराध दर्ज कर उन्हें न्यायिक रिमांड पर भेज दिया गया है। पुलिस पूरे नेटवर्क, सप्लाई चेन और फाइनेंशियल एंगल की जांच में जुटी हुई है। दूसरी कार्रवाई में महासमुंद शहर के नयापारा क्षेत्र में गांजा बेचने की फिराक में ग्राहक तलाश करते दो युवकों से पुलिस ने दबिश देकर 22 किलो गांजा जब्त किया है। पकड़े गांजे की कीमत 11 लाख बताई गई है। बताया जाता है कि ओडिशा के गंजाम के रहने वाले सत्यबान नायक (27) और विकास बेहरा (18) रेलवे स्टेशन से लगे छिपियापारा के एक झोपड़ी में छिपा बैठा था। पुलिस ने मुखबिर की सूचना पर रेड की और दोनों को पकड़ा। पुलिस के मुताबिक अच्छी कीमत के लिए गंजाम से गांजा लेकर महासमुंद आया था। पुलिस इनके पास 11 किलो गांजा के अलावा 2 मोबाइल भी जब्त किया है। सभी आरोपियों के खिलाफ NDPS एक्ट की धारा 20(बी) व 29 के तहत अपराध दर्ज कर न्यायिक रिमांड पर भेजा गया है। वही पुलिस की लगातार कार्रवाई से अंतर्राज्यीय गांजा तस्करी नेटवर्क पर बड़ी चोट पहुंची है। जिले में नशे के खिलाफ अभियान लगातार तेज किया जा रहा है।