खल्लारी मेला महोत्सव में डिप्टी सीएम अरुण साव शामिल
माता के दर्शन कर प्रदेश की खुशहाली की कामना
महासमुंद। पाँच दिवसीय खल्लारी मेला महोत्सव के शुभ अवसर पर प्रदेश के डिप्टी सीएम अरुण साव शुक्रवार रात खल्लारी पहुंचे। उन्होंने माँ खल्लारी मंदिर में विधिवत पूजा-अर्चना कर प्रदेशवासियों की सुख-समृद्धि और खुशहाली की कामना की।
कार्यक्रम को संबोधित करते हुए उन्होंने कहा कि खल्लारी धाम आस्था का प्रमुख केंद्र होने के साथ-साथ छत्तीसगढ़ की सांस्कृतिक विरासत और लोकजीवन का प्रतीक है। यह प्राचीन शक्ति पीठ सदियों से श्रद्धालुओं की आस्था का केंद्र रहा है, जहां दूर-दूर से लोग अपनी मनोकामनाओं के साथ पहुंचते हैं।
उपमुख्यमंत्री ने कहा कि मुख्यमंत्री विष्णु देव साय के नेतृत्व में राज्य सरकार विकास के नए आयाम स्थापित कर रही है। सड़क, शिक्षा, स्वास्थ्य और ग्रामीण विकास के साथ-साथ धार्मिक एवं पर्यटन स्थलों के समग्र विकास के लिए भी सरकार प्रतिबद्ध है। उन्होंने नेशनल हाईवे से खल्लारी मंदिर तक लगभग 3 किलोमीटर सड़क के सुदृढ़ीकरण की घोषणा भी की।
उन्होंने खल्लारी धाम के ऐतिहासिक और धार्मिक महत्व पर प्रकाश डालते हुए कहा कि प्राकृतिक सौंदर्य से घिरा यह स्थल शक्ति उपासना का प्रमुख केंद्र है। यहां आयोजित मेला न केवल धार्मिक आस्था का प्रतीक है, बल्कि सामाजिक समरसता और लोक संस्कृति के संरक्षण का भी महत्वपूर्ण माध्यम है।
इस अवसर पर सांसद श्रीमती रूपकुमारी चौधरी ने मेले को क्षेत्र की पहचान बताते हुए इसके निरंतर विकास पर जोर दिया। वहीं छत्तीसगढ़ राज्य बीज निगम के अध्यक्ष चंद्रहास चंद्राकर ने इसे संस्कृति का जीवंत उदाहरण बताया। पूर्व सांसद चुन्नीलाल साहू ने खल्लारी को सामाजिक समरसता का केंद्र बताया, जबकि जिला स्काउट-गाइड संघ के अध्यक्ष येतराम साहू ने ऐसे आयोजनों को युवाओं के लिए प्रेरणादायक बताया।
कार्यक्रम में जिला पंचायत उपाध्यक्ष भीखम ठाकुर, अल्का चंद्राकर, स्मिता चंद्राकर सहित जनप्रतिनिधि, मंदिर ट्रस्ट के सदस्य और बड़ी संख्या में श्रद्धालु उपस्थित रहे। ज्ञात हो कि शुक्रवार से प्रारंभ हुआ यह पाँच दिवसीय खल्लारी मेला महोत्सव श्रद्धा, भक्ति और उत्साह के साथ जारी है, जिसमें प्रतिदिन हजारों श्रद्धालु माता रानी के दर्शन करने पहुंच रहे हैं।
