सरायपाली सीएचसी में सुरक्षित मातृत्व की मिसाल: तीसरे सिजेरियन ऑपरेशन से महिला ने स्वस्थ बेटे को दिया जन्म

महासमुंद। सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र (सीएचसी) सरायपाली में सुरक्षित मातृत्व की दिशा में एक और उल्लेखनीय सफलता दर्ज की गई है। यहां चिकित्सकों की टीम ने जटिल परिस्थितियों में 26 वर्षीय महिला नरगिस का सफलतापूर्वक तीसरा सिजेरियन (सी – सेक्शन) ऑपरेशन कर सुरक्षित प्रसव कराया। महिला ने 3.200 किलोग्राम वजनी स्वस्थ पुत्र को जन्म दिया।
इस सफलता पर कलेक्टर विनय कुमार लंगेह, जिला पंचायत सीईओ हेमंत नंदनवार तथा मुख्य चिकित्सा एवं स्वास्थ्य अधिकारी डॉ. आई. नागेश्वर राव ने चिकित्सा टीम को बधाई दी। उन्होंने कहा कि शासन की प्राथमिकता सुरक्षित मातृत्व सुनिश्चित करना और बेहतर स्वास्थ्य सेवाएं उपलब्ध कराना है, जिसमें सरायपाली सीएचसी उत्कृष्ट कार्य कर रहा है।
इस जटिल ऑपरेशन को डॉ. संजय अग्रवाल, डॉ. के. वी. किरण कुमार, डॉ. कुणाल नायक, स्टाफ नर्स प्रगति शर्मा एवं समीर पटेल की टीम ने कुशलतापूर्वक अंजाम दिया। ऑपरेशन की सफलता स्थानीय स्वास्थ्य सेवाओं की बढ़ती गुणवत्ता और विशेषज्ञता को दर्शाती है।
प्रसव के बाद जच्चा और बच्चा दोनों पूरी तरह स्वस्थ हैं और चिकित्सकीय निगरानी में सुरक्षित हैं। इस उपलब्धि से क्षेत्र में खुशी का माहौल है और आमजन द्वारा सरायपाली सीएचसी में मिल रही बेहतर एवं सुलभ स्वास्थ्य सुविधाओं की सराहना की जा रही है।