पुलिस के जवानों व परिवारों के लिए निःशुल्क स्वास्थ्य शिविर, 155 लोगों ने लिया लाभ
महासमुंद। जिला पुलिस द्वारा पुलिस अधिकारियों-कर्मचारियों एवं उनके परिवारजनों के स्वास्थ्य को ध्यान में रखते हुए रक्षित आरक्षी केंद्र में निःशुल्क स्वास्थ्य परीक्षण शिविर का आयोजन किया गया। यह शिविर पुलिस अधीक्षक महासमुंद के निर्देशन में श्री नारायणा हॉस्पिटल, रायपुर के सहयोग से संपन्न हुआ।
शिविर में नारायणा हॉस्पिटल के वरिष्ठ चिकित्सकों की टीम ने अपनी सेवाएँ प्रदान कीं। विशेषज्ञों में डॉ. संदेश अग्रवाल, डॉ. ओम सिंह शेखावत (हड्डी रोग विशेषज्ञ) एवं डॉ. आर. साहनी (मेडिसिन विशेषज्ञ) सहित नेत्र रोग, शुगर एवं बीपी के विशेषज्ञ शामिल रहे। सभी चिकित्सकों ने मरीजों का बारीकी से परीक्षण कर आवश्यक परामर्श दिया।
इस दौरान हड्डी रोग, सामान्य मेडिसिन, नेत्र परीक्षण, ब्लड प्रेशर (बीपी) एवं शुगर की निःशुल्क जांच की गई। शिविर में नर्सिंग स्टाफ अनिल सोनवानी, डोमन साहू, कमलेश साहू, ऋषि उपाध्याय, चेतन साहू एवं ओम कुमार का विशेष योगदान रहा।
शिविर का उद्देश्य पुलिस बल, जो दिन-रात आमजन की सेवा में तत्पर रहता है, उनके शारीरिक एवं मानसिक स्वास्थ्य को बेहतर बनाए रखना था। शिविर में पुलिस विभाग के 105 अधिकारी-कर्मचारियों तथा 50 पुलिस परिवार के सदस्यों सहित कुल 155 लोगों ने स्वास्थ्य परीक्षण कराकर लाभ उठाया।
